Monsoon: खत्म हुआ इंतजार, हिमाचल का दरवाजा खटखटाने को तैयार मानसून
पंकज चौहान—शिमला
हिमाचल प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून अगले दो से तीन दिनों के भीतर दस्तक दे सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार मानसून की उत्तरी सीमा लगातार आगे बढ़ रही है और परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। अगले दो दिनों में मानसून के उत्तर अरब सागर से हिमाचल प्रदेश तक पहुंचने की संभावना है। मानसून की एंट्री के साथ ही प्रदेश में बारिश की गतिविधियां तेज होंगी और कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का दौर शुरू होने का अनुमान है। मौसम विभाग की ओर से जारी सात दिवसीय पूर्वानुमान के अनुसार आज यानी मंगलवार को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होगी। इस दौरान विशेषकर निचले और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। एक जुलाई को मौसम और अधिक सक्रिय होगा तथा कई स्थानों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है।
विभाग ने दो जुलाई से पांच जुलाई तक प्रदेश के कई जिलों के लिए भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सिरमौर और सोलन में अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा हो सकती है। किन्नौर और लाहौल-स्पीति जिलों में फिलहाल किसी प्रकार की मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है। मौसम विभाग ने पहली जुलाई से किन्नौर और लाहौल-स्पीति में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से लगातार तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई है।
मौसम विभाग के अनुसार दो जुलाई से उत्तर-पश्चिम भारत को एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ भी प्रभावित करेगा। इसके प्रभाव से मानसून और अधिक सक्रिय होगा तथा बारिश की तीव्रता बढ़ सकती है। विभाग ने लोगों को नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने, खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने तथा मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की सलाह दी है।
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक 38 मिलीमीटर वर्षा ऊना में रिकॉर्ड की गई, जबकि मुरारी देवी (मंडी) में 6, भराड़ी (हमीरपुर) में 6, ब्रह्माणी (बिलासपुर) में 5, घाघस (बिलासपुर) में 5 और बजीरी (मंडी) में 5 मिलीमीटर बारिश हुई। प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान कुकुमसेरी में 8.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे अधिक अधिकतम तापमान ऊना में 38 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि आगामी सप्ताह में अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

