विवाहिता मौत मामले में सास और पति फिर 14 दिन की न्यायिक हिरासत में
निजी संवाददाता-डैहर
सुंदरनगर उपमंडल के डैहर में 24 मई को हुई 19 वर्षीय विवाहिता प्रियंका की संदिग्ध मौत के मामले में गिरफ्तार सास निर्मला और पति रवि को दो बार 14-14 दिनों की न्यायिक हिरासत की अवधि समाप्त होने पर उन्हें पुन: न्यायालय में पेश किया गया। मामले की सुनवाई के बाद अदालत ने दोनों आरोपियों को फिर से 14 दिन की न्यायिक हिरासत में मंडी जेल भेजने के आदेश दिए हैं।
गौरतलब है कि 24 मई को डैहर में किराए के कमरे में 19 वर्षीय प्रियंका का शव फंदे से लटका हुआ मिला था। घटना के बाद मृतका के मायके पक्ष ने सास और पति पर हत्या के आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर अदालत से पुलिस रिमांड हासिल किया था। पुलिस रिमांड समाप्त होने के बाद दोनों आरोपियों को दो बार 14-14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था। अब न्यायिक हिरासत की अवधि पूरी होने पर उन्हें अदालत में पेश किया गया, जहां से अदालत ने दोनों को पुन: तीसरी मर्तबा14 दिनों की न्यायिक हिरासत में मंडी जेल भेजने के आदेश दिए। डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों आरोपियों को न्यायालय ने पुन: 14 दिन की न्यायिक हिरासत में मंडी जेल भेजा है। उन्होंने कहा कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है तथा आगामी कार्रवाई जांच रिपोर्ट और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

