सांसद अनुराग शर्मा ने विशेष बच्चे किए सम्मानित
अपर बड़ोल हार्मनी डे केयर सेंटर में वार्षिक समारोह बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से मोहा मन
दिव्य हिमाचल ब्यूरो- धर्मशाला
राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा ने शनिवार को अप्पर बड़ोल स्थित हार्मनी डे केयर सेंटर में आयोजित विशेष रूप से सक्षम बच्चों के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने बच्चों, अभिभावकों तथा शिक्षकों से संवाद कर उनके प्रयासों और उपलब्धियों की सराहना की। सांसद अनुराग शर्मा ने कहा कि विशेष रूप से सक्षम बच्चों के सशक्तिकरण में समाज की भूमिका महत्त्वपूर्ण है। यह बच्चे अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और सुदृढ़ इच्छाशक्ति के बल पर समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। उन्होंने हार्मनी डे केयर सेंटर द्वारा विशेष बच्चों के कल्याण, शिक्षा एवं समग्र विकास के लिए किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा करते हुए अपनी सांसद निधि से संस्था को एक लाख रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान करने की घोषणा की।
साथ ही सेंटर के भवन निर्माण संबंधी मांग को मुख्यमंत्री के समक्ष उठाने का आश्वासन भी दिया। समारोह के दौरान विशेष बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया, जिसे उपस्थित जनसमूह ने खूब सराहा। बच्चों की प्रतिभा और आत्मविश्वास से प्रभावित होकर सांसद अनुराग शर्मा ने उन्हें प्रोत्साहित करने के लिए 21 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की। इस अवसर पर सेंटर प्रबंधन ने सांसद अनुराग शर्मा को शॉल, हिमाचली टोपी एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में अधिवक्ता एवं अध्यक्ष, बाल कल्याण समिति कांगड़ा विक्रमजीत शर्मा, पार्षद अनुराग, हार्मनी डे केयर सेंटर के अध्यक्ष प्रशांत भसीन, आरपी चोपड़ा, डॉ. ललित मोहन शर्मा, कुलदीप बंटा, शुभ्रा गुप्ता, विशाल, रविका, शिल्पा खींची सहित अनेक समाजसेवी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
