50 लाख से होगा नारकंडा का विकास
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने किया ऐलान, हाटू माता मंदिर में पूजा-अर्चना कर लिया मां का आशीर्वाद
स्टाफ रिपोर्टर-कुमारसैन
मुख्यमंत्री ने रविवार को नारकंडा दौरे के दौरान क्षेत्र के विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं करते हुए हाटू माता रोपवे परियोजना, नारकंडा फोरलेन निर्माण और जिला अस्पताल की स्थापना संबंधी मांगों पर सकारात्मक रुख दिखाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार क्षेत्र के पर्यटन और आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ करने के लिए प्रतिबद्ध है तथा नारकंडा को पर्यटन की दृष्टि से और अधिक विकसित किया जाएगा। मुख्यमंत्री अपने परिवार सहित हाटू माता मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद धोमड़ी पहुंचे, जहां ठियोग-कुमारसैन के विधायक एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय प्रवक्ता कुलदीप सिंह राठौर के नेतृत्व में उनका भव्य स्वागत किया गया। इसके उपरांत विधायक ठियोग, कुमारसैन कुलदीप सिंह राठौर ने नारकंडा प्रो कबड्डी चैंपियनशिप के समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की और विजेता खिलाडिय़ों को सम्मानित किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि हाटू माता रोपवे परियोजना क्षेत्र में पर्यटन को नई दिशा देगी और सरकार इस परियोजना को गंभीरता से आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक कदम उठा रही है। उन्होंने नारकंडा फोरलेन निर्माण से संबंधित विषयों पर भी चर्चा करते हुए कहा कि बेहतर सडक़ संपर्क क्षेत्र के आर्थिक और पर्यटन विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। मुख्यमंत्री ने क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही जिला अस्पताल की मांग पर भी सकारात्मक संकेत दिए। उन्होंने कहा कि सरकार ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है तथा जनहित से जुड़े मामलों को प्राथमिकता दी जा रही है। मुख्यमंत्री ने नारकंडा नगर पंचायत के विकास कार्यों के लिए 50 लाख की विशेष राशि देने की घोषणा की। इस धनराशि से नगर पंचायत क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार और सौंदर्यीकरण कार्यों को गति मिलेगी। बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों, खिलाडिय़ों और श्रद्धालुओं ने कार्यक्रमों में भाग लिया तथा मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने भी लोगों की समस्याएं और सुझाव सुने तथा विकास कार्यों में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
ये-ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक के अध्यक्ष देवेंद्र श्याम अध्यक्ष कोऑपरेटिव बैंक हिमाचल प्रदेश कुमारसैन पंचायत के प्रधान प्रवीण वर्मा, उपमंडल अधिकारी मुकेश शर्मा, पूर्व विधायक राकेश सिंगह सहित अनेक जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
