महज 18 साल का सार्थक सीबीआई से तेज निकला, राहुल बोले, CBSE के OSM पोर्टल की… पढ़ें पूरी खबर
राहुल बोले, सीबीएसई के ओएसएम पोर्टल की गड़बड़ी उजागर करना नौजवानों की जीत
दिव्य हिमाचल ब्यूरो — नई दिल्ली
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष तथा लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट और सीबीएसई से जुड़ी कथित अनियमितताओं के मामले में तथ्य सामने लाने वाले 18 वर्षीय सार्थक और उसके साथी निसर्ग की सराहना करते हुए कहा है कि देश की युवा शक्ति सत्ता और शासन से सवाल पूछने और सच उजागर करने का साहस रखती है। राहुल गांधी ने रविवार को सीबीएसई स्टूडेंट सार्थक सिद्धांत से दो जून को हुई मुलाकात का 8.15 मिनट का वीडियो अपने एक्स अकाउंट पर शेयर किया। राहुल गांधी ने कहा कि देश का 18 साल का युवा सीबीआई से तेज निकला।
नौजवानों की यह जीत सही मायने में सरकार की हार है। झारखंड के रांची के रहने वाले सार्थक ने भी इस साल 12वीं के एग्जाम दिए थे। नंबर कम आने पर उन्होंने री-इवैल्यूएशन के लिए अपनी स्कैन की गई आंसरशीट मंगाई थीं। गलत नंबर कटने और दूसरी परेशानियों को सार्थक ने सोशल मीडिया पर शेयर किया था। सार्थक सीबीएसई में सुधार के लिए संसद की स्थायी समिति के सामने 500 पेज की प्रेजेंटेशन भी दे चुके हैं।
सार्थक का सीबीएसई को फिर जोर का तमाचा
नई दिल्ली। अपने तथ्यों और सबूतों से सीबीएसई जैसे विशाल और पुराने संस्थान के पसीने छुड़ा देने वाले छात्रा सार्थक सिद्धांत ने अब सीबीएसई के ही एक रिमाइंडर पोस्ट पर ऐसा करारा तंज कसा है कि सोशल मीडिया पर लोग अपनी हंसी नहीं रोक पा रहे हैं। दरअसल, रविवार को सीबीएसई ने एक्स पर 12वीं के छात्रों को याद दिलाते हुए पोस्ट किया कि आंसर शीट के वेरिफिकेशन और री-इवैल्यूएशन के लिए अप्लाई करने की आखिरी तारीख सात जून है।
पोर्टल रात 11 बजकर 59 बजे तक खुला रहेगा। इसी आधिकारिक पोस्ट पर सार्थक सिद्धांत ने मजे लेते हुए लिखा कि क्या आप कृपया डेडलाइन और बढ़ा सकते हैं, क्योंकि मैं इस पूरे हफ्ते आपकी पोल खोलने में व्यस्त था। एक लाइन का यह जवाब उस बोर्ड के मुंह पर सीधा तमाचा था, जो पिछले कुछ दिनों से लगातार सवालों के घेरे में खड़ा है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
