संधोल अस्पताल की बदहाली पर फूटा आक्रोश
सरकार और स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन, सैकड़ोंं लोगों ने निकाली विशाल रैली, क्रमिक अनशन शुरू
निजी संवाददाता- संधोल
जिला मंडी के नागरिक अस्पताल संधोल की बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर रविवार को क्षेत्र में एक बड़े जनआंदोलन का आगाज हो गया। क्षेत्र के युवाओं के नेतृत्व में शुरू हुए इस आंदोलन में दर्जनभर पंचायतों से हजारों लोगों ने भाग लिया और सरकार व स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। आंदोलन की शुरुआत बस अड्डा संधोल से हुई, जहां से युवाओं और स्थानीय लोगों ने अस्पताल के नए भवन तक विशाल रैली निकाली। रैली के दौरान लोगों ने स्वास्थ्य सुविधाओं की बदहाली के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों व आवश्यक सुविधाओं की मांग उठाई। रैली के उपरांत बस अड्डा परिसर में अविनाश भनवाल, मनीष कुमार, साजन कौंडल, अविनाश तथा राकेश जम्वाल धरने पर बैठ गए।
इस दौरान राकेश जामवाल ने आज से क्रमिक अनशन शुरू करने की घोषणा करते हुए कहा कि जब तक सरकार उनकी मांगों को पूरा नहीं करती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। नारी शक्ति की अध्यक्ष पूनम ठाकुर ने कहा कि वर्ष 2023 में महिलाओं ने कड़ाके की ठंड में क्षेत्र की स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर लंबा आंदोलन किया था। उस समय सरकार ने 90 दिनों के भीतर अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टर और आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराने का आश्वासन देकर आंदोलन स्थगित करवाया था, लेकिन आज 931 दिन बीत जाने के बावजूद सरकार अपना एक भी वादा पूरा नहीं कर पाई।
मुख्य मांगें इस प्रकार
आंदोलनकारियों की प्रमुख मांगों में अस्पताल में दो एमडी चिकित्सकों की नियुक्ति, स्त्री रोग विशेषज्ञ, बाल रोग विशेषज्ञ, रेडियोलॉजिस्ट सहित अन्य आवश्यक विशेषज्ञ चिकित्सकों के रिक्त पदों को तत्काल भरना तथा अस्पताल में आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाना शामिल है। आंदोलनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने शीघ्र सकारात्मक कदम नहीं उठाए तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

