कांगड़ा बाइपास से टनल तक लगी गाडिय़ों की कतारें
प्रचंड गर्मी के चलते सैलानियों सहित लोगों की घंटों में जाम में फंसी रहीं गाडिय़ां, कइयों ने गाड़ी छोड़ पैदल लगाई दौड़
नगर संवाददाता- कांगड़ा
पर्यटक सीजन के चलते कांगड़ा शहर में वाहनों का दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है। इसका सबसे अधिक असर कांगड़ा बाइपास से लेकर टनल तक के मार्ग पर देखने को मिल रहा है, जहां आए दिन लगने वाले लंबे जाम से स्थानीय लोगों और पर्यटकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रविवार दोपहर हालात उस समय और बिगड़ गए, जब कांगड़ा बाइपास से लेकर टनल तक वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं। घंटों तक जाम में फंसे रहने के कारण लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा। कई लोगों ने अपने वाहन छोडक़र पैदल ही गंतव्य की ओर जाना उचित समझा, क्योंकि जाम खुलने के कोई आसार नजर नहीं आ रहे थे।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पर्यटक सीजन शुरू होते ही इस मार्ग पर प्रतिदिन जाम लगना आम बात बन गई है। पर्याप्त ट्रैफिक व्यवस्था नहीं होने के कारण लोगों का समय और ईंधन दोनों बर्बाद हो रहे हैं। सबसे अधिक परेशानी मरीजों, बुजुर्गों, बच्चों और नौकरीपेशा लोगों को झेलनी पड़ रही है। लोगों ने प्रशासन और पुलिस विभाग से मांग की है कि पर्यटक सीजन के दौरान इस मार्ग पर अतिरिक्त पुलिस कर्मियों की तैनाती की जाए और ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाया जाए, ताकि रोजाना लगने वाले जाम से लोगों को राहत मिल सके। लगातार लग रहे जाम से स्थानीय लोगों के साथ-साथ कांगड़ा आने वाले पर्यटकों को भी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

