स्कूल प्रवक्ताओं की बढ़ेगी पगार, मिलेगा 4-9-14 का लाभ, एसीपी के तहत वेतन निर्धारण के आदेश
कार्यालय संवाददाता — शिमला
हिमाचल प्रदेश शिक्षा विभाग ने राज्य के 40 स्कूल प्रवक्ताओं को बड़ी राहत देते हुए 4-9-14 एश्योर्ड करियर प्रोग्रेशन स्कीम के तहत वेतन निर्धारण के आदेश जारी कर दिए हैं। शिक्षा निदेशक की ओर से जारी कार्यालय आदेश में पात्र प्रवक्ताओं का वेतन एसीपी योजना के तहत पुनर्निर्धारित करने के निर्देश दिए गए हैं। जारी आदेशों के अनुसार संबंधित प्रवक्ताओं को 4-9-14 एसीपी का लाभ नौ अगस्त, 2012 तक काल्पनिक आधार पर तथा नौ अगस्त, 2012 से वास्तविक आधार पर प्रदान किया जाएगा। इसके तहत पात्र शिक्षकों के वेतन का पुनर्निर्धारण किया जाएगा और उन्हें नियमानुसार वित्तीय लाभ भी मिलेंगे। शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी प्रवक्ता को पहले नियमितीकरण की किसी अलग या पूर्व तिथि के आधार पर एसीपी का लाभ दिया गया था तो उसे वापस लिया जाएगा और नए आदेशों के अनुसार ही लाभ निर्धारित किया जाएगा।
विभाग ने यह भी कहा है कि सभी मामलों का ऑडिट के दौरान सत्यापन किया जाएगा। यदि भविष्य में किसी प्रकार की अधिक भुगतान राशि या त्रुटि सामने आती है तो संबंधित कर्मचारी को पूरी राशि एकमुश्त वापस करनी होगी। इसके लिए लाभार्थी शिक्षकों से लिखित सहमति पत्र भी लिया जाएगा, जिसे उनकी सेवा पुस्तिका में संलग्न किया जाएगा। इन आदेशों की प्रतियां महालेखाकार हिमाचल प्रदेश, संबंधित जिला उपनिदेशकों तथा स्कूल प्रधानाचार्यों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेज दी गई हैं। गौरतलब है कि 4-9-14 एसीपी योजना के तहत कर्मचारियों को निर्धारित सेवा अवधि पूरी करने पर वित्तीय उन्नयन का लाभ दिया जाता है। शिक्षा विभाग के इस निर्णय से 40 प्रवक्ताओं को वेतन और सेवा लाभों के रूप में राहत मिलेगी तथा लंबे समय से लंबित मामलों का भी निपटारा होगा।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
