पीडब्ल्यूडी के सात जूनियर इंजीनियर रेगुलर, पहली अक्तूबर, 2024 से पक्की तैनाती का लाभ
अनुबंध सेवा पूरी होने पर नियमित; पहली अक्तूबर, 2024 से पक्की तैनाती का लाभ
वरिष्ठ संवाददाता — शिमला
लोक निर्माण विभाग में कार्यरत सात कनिष्ठ अभियंताओं (सिविल) को नियमित कर दिया गया है। लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता की ओर से इस संबंध में आदेश जारी किए हैं। आदेशों के तहत इन कर्मचारियों की सेवाओं को पहली अक्तूबर, 2024 से नियमित माना जाएगा। इस निर्णय से संबंधित कर्मचारियों को न केवल स्थायी सेवा का लाभ मिलेगा, बल्कि वेतनमान, वार्षिक वेतनवृद्धि और अन्य सेवा संबंधी सुविधाओं का भी लाभ प्राप्त होगा। आदेश में कहा गया है कि कार्मिक विभाग के निर्देशों तथा विभागीय स्क्रीनिंग कमेटी की सिफारिशों के आधार पर यह निर्णय लिया गया है। नियमित किए गए सभी जूनियर इंजीनियर अनुबंध आधार पर कार्यरत थे और उन्होंने निर्धारित अवधि के अनुसार दो वर्ष की निरंतर सेवा पूरी कर ली थी। इसके बाद उनकी पात्रता की जांच कर नियमितीकरण की प्रक्रिया पूरी की गई। रेगुलर हुए कनिष्ठ अभियंताओं में नाहन डिवीजन के सचिन शर्मा, धर्मपुर डिवीजन के अखिलेश शर्मा, पालमपुर डिवीजन के अंकित चौहान, बंगाणा डिवीजन के कंवर अभिषेक, शिमला ग्रामीण डिवीजन (धामी) के मोहन सिंह, शिलाई डिवीजन के प्रवीण चौहान तथा कोटखाई डिवीजन के चंदन परमार शामिल हैं।
ये सभी अभियंता प्रदेश के विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्यों में अपनी सेवाएं दे रहे थे। विभागीय आदेश में स्पष्ट किया गया है कि इन कर्मचारियों को हिमाचल प्रदेश सिविल सेवा (संशोधित वेतन) नियम, 2022 के तहत लेवल-11 के वेतनमान में नियमित किया गया है। नियमितीकरण की प्रभावी तिथि पहली अक्तूबर, 2024 निर्धारित की गई है, जिससे कर्मचारियों को वित्तीय लाभ भी मिल सकेंगे। हालांकि नियमितीकरण के अतिरिक्त उनकी अन्य सेवा शर्तों में कोई बदलाव नहीं किया गया है और वे पूर्ववत लागू रहेंगी। लोक निर्माण विभाग के अभियंता प्रमुख एनपी सिंह द्वारा जारी इस आदेश की प्रतियां प्रधान सचिव लोक निर्माण विभाग, विभाग के मुख्य अभियंताओं, अधीक्षण अभियंताओं तथा संबंधित कार्यकारी अभियंताओं को भेजी गई हैं, ताकि नियमितीकरण से जुड़े सभी औपचारिक कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए जा सकें।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
