1 दिन बाद बदलने जा रहे हैं कई नियम, आपकी जेब पर पड़ेगा असर, जानिए, क्या होगा महंगा, कहां मिलेगी राहत
साल का सातवां महीना शुरू होने में अब सिर्फ एक दिन बाकी है। लेकिन 1 जुलाई को सिर्फ कैलेंडर की तारीख ही नहीं बदलेगी, बल्कि आपकी जेब, बैंकिंग, यात्रा, टैक्स और सरकारी सेवाओं से जुड़े कई अहम नियम भी बदल जाएंगे। कुछ बदलाव राहत देंगे तो कुछ आपकी जेब पर अतिरिक्त बोझ डाल सकते हैं। ऐसे में इन नए नियमों की जानकारी आपके लिए बेहद जरूरी है। तो चलिए खास खबर में आज बात इन्हीं बदलावों पर करते हैं। सबसे पहला बदलाव आधार कार्ड से जुड़ा हुआ है- 1 जुलाई 2026 से आधार में ई-मेल आईडी अपडेट कराना आसान और सस्ता हो जाएगा। UIDAI ने ई-मेल अपडेट कराने पर लगने वाली 75 रुपये की फीस अगले छह महीने के लिए माफ कर दी है। यानी 1 जुलाई से 31 दिसंबर 2026 तक यह सुविधा मुफ्त मिलेगी, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग अपने आधार रिकॉर्ड अपडेट रख सकें और डिजिटल सेवाओं का आसानी से लाभ उठा सकें। वहीं 1 जुलाई से पासपोर्ट बनवाना या रिन्यू करवाना महंगा हो जाएगा। विदेश मंत्रालय ने सामान्य और तत्काल दोनों श्रेणियों के पासपोर्ट की फीस में बढ़ोतरी की है।
36 पेज वाले सामान्य पासपोर्ट की फीस 1,500 रुपये से बढ़कर 2,500 रुपये हो जाएगी, जबकि तत्काल पासपोर्ट के लिए अब 5,000 रुपये चुकाने होंगे। पहले ये फीस पहले 3,500 रुपये थी। पासपोर्ट खोने, क्षतिग्रस्त होने, पुलिस क्लियरेंस सर्टिफिकेट और सरेंडर सर्टिफिकेट जैसी सेवाओं के शुल्क में भी बढ़ोतरी की गई है। अगर आपका 36 पेज का पासपोर्ट खो जाता है तो नॉर्मल प्रोसेसिंग के तहत उसे दोबारा बनवाने के लिए 5,000 रुपये चुकाने होंगे. वहीं तत्काल में यह खर्चा 7,500 तक पहुंच जाएगा। इसी तरह, 60 पन्नों वाले पासपोर्ट को रिप्लेस करने के लिए नॉर्मल कैटेगरी में 6,000 रुपये और तत्काल के लिए 8,500 रुपये की फीस तय की गई है। यह बदलाव करीब 14 साल बाद किया गया है। इससे पहले साल 2012 में फीस में बदलाव हुआ था।
तीसरे बड़े चेंज की बात करें तो जुलाई की पहली तारीख से कई बैंकों के क्रेडिट कार्ड नियम भी बदल जाएंगे। SBI अपने कुछ PhonePe क्रेडिट कार्डों के रिवॉर्ड प्वाइंट्स नियमों में बदलाव कर रहा है.. नए नियमों के तहत रिवॉर्ड पॉइंट कमाने की सीमा तय की जाएगी और कुछ अतिरिक्त प्रकार के लेनदेन पर रिवॉर्ड पॉइंट नहीं मिलेंगे…इसके अलावा 1 जुलाई 2026 से HDFC क्रेडिट कार्ड होल्डर्स के लिए भी एक बड़ा बदलाव हो रहा है… HDFC क्रेडिट कार्ड होल्डर्स हर कैलेंडर तिमाही में तीन बार मुफ्त घरेलू एयरपोर्ट लाउंज विजिट का फायदा उठा सकेंगे, मगर जरूरी होगा कि उन्होंने पिछली कैलेंडर तिमाही में कम से कम 60,000 खर्च किए हों.. इसके अलावा भी कई बैंक अपने क्रेडिट कार्ड्स के नियमों से जुड़े बदलाव जुलाई के महीने में कर सकते हैं।
इसके अलावा चौथा बदलाव जनता के लिए राहत भरा रहने वाला है। ग्राहकों को गलत जानकारी देकर या गुमराह करके वित्तीय उत्पाद बेचने वाले बैंकों पर अब रिजर्व बैंक नया नियम लागू करने जा रहा है, जिसके तहत, जिन ग्राहकों को गलत तरीके से प्रोडक्ट्स बेचे गए हैं, वे पूरे रिफंड और नुकसान के लिए मुआवजे के हकदार होंगे। ये नियम 1 जुलाई, 2026 से लागू होंगे।
जुलाई के महीने में एक और बदलाव जिस पर आपको ध्यान देना है,. वो itr से जुड़ा है। अगर आपने अभी तक आयकर रिटर्न दाखिल नहीं किया है तो यह खबर आपके लिए भी जरूरी है। वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए ITR-1 और ITR-2 दाखिल करने की अंतिम तारीख 31 जुलाई 2026 तय की गई है। तय समय सीमा के बाद रिटर्न भरने पर जुर्माना लग सकता है, और कुछ टैक्स लाभ भी नहीं मिल पाएंगे। इसके अलावा अगर कुछ अन्य बदलावों पर नजर डालें तो जुलाई की पहली तारीख को हर महीने की तरह एलपीजी, पेट्रोल, डीजल और एविएशन टर्बाइन फ्यूल यानी ATF की कीमतों की भी समीक्षा होगी। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव को देखते हुए इनमें बदलाव संभव है। जून के पहले हफ्ते में ही देशभर में घरेलू रसोई गैस (LPG) सिलेंडर महंगा हो गया था। सरकार ने 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू सिलेंडर की कीमत में 29 रुपये की बढ़ोतरी की थी। पिछले तीन महीनों में यह दूसरी बार था जब रसोई गैस के दाम बढ़ाए गए। इससे पहले 7 मार्च को सिलेंडर की कीमत में 60 रुपये की बढ़त की गई थी। अब जुलाई के महीने में भी गैस सिलेंडर की कीमतों में बदलाव होने की उम्मीद है।
कुल मिलाकर ये कहा जा सकता है कि 1 जुलाई से लागू होने वाले इन सभी बदलावों पर नजर रखना आपके लिए बेहद जरूरी है, क्योंकि इनका सीधा असर आपकी और हमारी रोजमर्रा की जिंदगी और आपकी जेब दोनों पर पड़ने वाला है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

