संजौली कालेज में भाई की जगह परीक्षा देती बहन पकड़ी, इग्नू की परीक्षा देते समय पकड़ी गई गड़बड़, मामला दर्ज
इग्नू की परीक्षा देते समय पकड़ी गई गड़बड़, पुलिस ने दर्ज किया मामला
स्टाफ रिपोर्टर — शिमला
इग्नू की परीक्षा में फर्जी अभ्यर्थी बनकर परीक्षा देने का मामला सामने आया है। इस संबंध में सदर पुलिस थाना शिमला में भारतीय न्याय संहिता की धारा 319(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार यह मामला राजकीय महाविद्यालय संजौली स्थित इग्नू अध्ययन केंद्र-1101 के केंद्र अधीक्षक डा. मदन शांडिल की शिकायत पर दर्ज किया गया। शिकायत में बताया गया कि छह जून को आयोजित बीएजी कार्यक्रम की परीक्षा के दौरान एक युवती को अपने भाई के स्थान पर परीक्षा देते हुए पकड़ा गया। जानकारी के अनुसार रोहनाट, जिला सिरमौर निवासी युवती परीक्षा शुरू होने के करीब 10 मिनट बाद परीक्षा कक्ष संख्या नौ में मौजूद थी।
इस दौरान निरीक्षक शैलेंद्र कुमार ने दस्तावेजों की जांच की, तो पता चला कि युवती अपने भाई के स्थान पर परीक्षा दे रही थी। जांच के दौरान उसकी पहचान फर्जी अभ्यर्थी के रूप में सामने आई। मामले की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई, जिसके बाद सदर पुलिस थाना शिमला में एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाया जा रहा है कि परीक्षा में प्रतिरूपण की योजना कैसे बनाई गई तथा इसमें कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं। एसएसपी शिमला गौरव सिंह का कहना है कि पुलिस ने केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
