क्षेत्र के विकास को मिलेगी नई दिशा
पट्टा के नवनिर्वाचित पंचायत समिति सदस्यों ने ली शपथ, जनहित के काम को पूरा करने का दिया आश्वाशन
निजी संवाददाता-चंडी
विकास खंड पट्टा के नवनिर्वाचित पंचायत समिति सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह शनिवार को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) पट्टा में गरिमापूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। इस अवसर पर पंचायत समिति के कुल 15 नवनिर्वाचित सदस्यों ने एसडीएम बद्दी एवं पीठासीन अधिकारी डा. संजीव धीमान के समक्ष पद, गोपनीयता एवं सत्यनिष्ठा की शपथ ग्रहण की। समारोह में विधायक राम कुमार चौधरी, खंड विकास अधिकारी पट्टा कुलदीप सिंह सहित विभिन्न अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम में लगभग 60 से 70 समर्थकों ने भी भाग लेकर नवनिर्वाचित सदस्यों का उत्साहवर्धन किया।
शपथ ग्रहण के उपरांत डा. संजीव धीमान ने सभी सदस्यों को लोकतांत्रिक मूल्यों, पारदर्शिता तथा जनहित की भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया। विधायक राम कुमार चौधरी ने नवनिर्वाचित सदस्यों को बधाई देते हुए कहा कि पंचायत समिति ग्रामीण विकास की आधारभूत इकाइयों में से एक है तथा जनप्रतिनिधियों की सक्रिय एवं सकारात्मक भूमिका से क्षेत्र के विकास को नई दिशा एवं गति मिलेगी। वहीं खंड विकास अधिकारी पट्टा कुलदीप सिंह ने सभी सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए पंचायत समिति एवं प्रशासन के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित कर जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से क्रियान्वित करने का आग्रह किया।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
