मशोबरा में महिलाओं के लिए पहला सरकारी नशामुक्ति केंद्र, CM सुक्खू आज करेंगे ‘नवजीवन’ का लोकार्पण
मुख्यमंत्री सुक्खू आज करेंगे ‘नवजीवन’ का लोकार्पण
हिमाचल पुलिस करेगी केंद्र का संचालन
स्टाफ रिपोर्टर — शिमला
हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को एक नई दिशा देते हुए राज्य सरकार महिलाओं के लिए पहला सरकारी नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र शुरू करने जा रही है। नवजीवन नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र नाम से स्थापित यह केंद्र शिमला के मशोबरा में शुरू होगा, जिसका लोकार्पण मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू आठ जून को करेंगे। राज्य सरकार और हिमाचल प्रदेश पुलिस के संयुक्त प्रयास से शुरू किया जा रहा यह केंद्र प्रदेश में नशे से प्रभावित महिलाओं को उपचार, परामर्श, पुनर्वास और सामाजिक पुनस्र्थापना की सुविधाएं प्रदान करेगा।
‘नवजीवन’ केंद्र का संचालन और दैनिक प्रबंधन हिमाचल पुलिस के जिम्मे होगा। पुलिस केवल नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि नशे से प्रभावित लोगों को समाज की मुख्यधारा में वापस लाने में भी सक्रिय भूमिका निभाएगी। केंद्र में प्रशिक्षित विशेषज्ञों, और परामर्शदाताओं की सहायता से महिलाओं को आधुनिक और वैज्ञानिक उपचार उपलब्ध कराया जाएगा।
उपचार के साथ पुनर्वास पर रहेगा विशेष ध्यान
केंद्र में तीन प्रमुख क्षेत्रों पर विशेष रूप से काम किया जाएगा। पहले चरण में नशे की लत से जूझ रही महिलाओं को चिकित्सा सहायता और विशेषज्ञ परामर्श प्रदान किया जाएगा। दूसरे चरण में पुनर्वास कार्यक्रम के तहत जीवन कौशल विकास, आत्मविश्वास निर्माण और आत्मनिर्भर बनने के लिए विभिन्न गतिविधियां संचालित की जाएंगी। तीसरे चरण में दीर्घकालिक देखभाल और सहयोग की व्यवस्था होगी, जिसमें पारिवारिक परामर्श, भावनात्मक समर्थन और समाज आधारित सहायता तंत्र विकसित किया जाएगा ताकि उपचार के बाद भी लाभार्थियों को निरंतर सहयोग मिलता रहे।
पुलिस महानिदेशक ने बताया मानवीय पहल
हिमाचल प्रदेश के पुलिस महानिदेशक अशोक तिवारी ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल गिरफ्तारी और कानूनी कार्रवाई से नहीं जीती जा सकती। नशा तस्करी नेटवर्क के खिलाफ सख्त कार्रवाई के साथ-साथ नशे से प्रभावित लोगों को परामर्श, सहयोग और पुनर्वास उपलब्ध कराना भी उतना ही जरूरी है। ‘नवजीवन’ के माध्यम से हिमाचल प्रदेश पुलिस करुणा, देखभाल और प्रतिबद्धता के साथ लोगों को स्वस्थ जीवन की ओर वापस लाने का प्रयास करेगी। साथ ही नशे के खिलाफ चल रहे अभियान को जन आंदोलन का रूप देने की दिशा में भी यह केंद्र महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
