दो युद्धों के नायक बोले; रील नहीं, करियर बनाएं युवा

By: Jun 8th, 2026 12:01 am

101 के हुए दो जंग जीतने वाले सरदार पूर्ण सिंह, युवाओं को दिया सफलता का मंत्र

स्टाफ रिपोर्टर – गगरेट
वर्ष 1965 के भारत-पाक युद्ध और 1971 में पाकिस्तान के दो टुकड़े कर बांग्लादेश निर्माण में अहम भूमिका निभाने वाले सिख रेजीमेंट के पूर्व सैनिक सरदार पूर्ण सिंह ने 101 वर्ष की आयु में भी अपने जीवट और देशभक्ति से सभी को प्रेरित किया है। सलीके से सजी पगड़ी, सफेद दाढ़ी और सीने पर सजे वीरता के मेडल आज भी उनकी गौरवगाथा बयां करते हैं। जीवन का शतक पार कर चुके सरदार पूर्ण सिंह ने अपना 101वां जन्मदिन पूरे उत्साह और जिंदादिली के साथ मनाया। उनकी शख्सियत इस बात का प्रमाण है कि उम्र केवल एक संख्या है। सरदार पूर्ण सिंह के चार बेटों में से एक भारतीय सेना से सेवानिवृत्त हैं, जबकि दूसरे पुत्र लोक निर्माण विभाग से सेवानिवृत्त हुए हैं।

अपने जन्मदिन के अवसर पर उन्होंने संदेश दिया कि जीवन को हमेशा उत्साह और सकारात्मकता के साथ जीना चाहिए। सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद उन्होंने समाजसेवा के लिए राजनीति का रास्ता चुना। कांग्रेस के साथ उनका जुड़ाव दशकों पुराना है और आज भी अटूट बना हुआ है। राजनीतिक जीवन में तमाम अवसर और प्रलोभन आए, लेकिन वे अपने सिद्धांतों से कभी नहीं डिगे। यही कारण रहा कि उनके 101वें जन्मदिवस पर विधायक राकेश कालिया विशेष रूप से उनके निवास पर पहुंचकर उन्हें शुभकामनाएं देने आए। पुराने दिनों को याद करते हुए सरदार पूर्ण सिंह ने कहा कि उन्होंने अपने जीवनकाल में समाज में बड़े बदलाव देखे हैं। पहले लोग रिश्तों और वफादारी को महत्व देते थे, लेकिन अब तकनीक के साथ-साथ इंसान भी बदल गया है। उन्होंने कहा कि मोबाइल फोन ने लोगों को एक-दूसरे से दूर कर दिया है। उनके अनुसार पहले युवा अपने करियर और भविष्य को संवारने में जुटे रहते थे, जबकि आज बड़ी संख्या में युवा सोशल मीडिया और रील बनाने में व्यस्त दिखाई देते हैं। बढ़ते नशे के प्रकोप पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि उनके समय में शराब पीने वालों को समाज अच्छी नजर से नहीं देखता था, लेकिन आज समारोहों में खुलेआम शराब परोसी जाती है। इससे भी अधिक चिंता की बात यह है कि युवा चिट्टे जैसे घातक नशे की गिरफ्त में आकर अपना भविष्य बर्बाद कर रहे हैं।

अग्निवीर योजना पर पुनर्विचार करे केंद्र

उन्होंने कहा कि इस सामाजिक बुराई के खिलाफ पूरे समाज को एकजुट होकर लड़ाई लडऩी होगी। सरदार पूर्ण सिंह ने केंद्र सरकार की अग्निवीर योजना पर भी सवाल उठाए। हिमाचल के वीर जवानों की बहादुरी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि देश के अब तक प्रदान किए गए 21 परमवीर चक्रों में चार हिमाचली सपूतों को मिले हैं। उन्होंने केंद्र सरकार से इस योजना पर पुनर्विचार करने की अपील की। विधायक राकेश कालिया ने कहा कि सरदार पूर्ण सिंह जैसे योद्धा कांग्रेस की वास्तविक पूंजी हैं। उन्होंने कहा कि 101 वर्ष की आयु में भी उनमें अद्भुत ऊर्जा और जोश दिखाई देता है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App