फूलों की बारिश से शोभायात्रा का स्वागत

By: Jun 8th, 2026 12:02 am

डेरा बाबा रुद्रानंद आश्रम अमलैहड़ में गूंजे भक्ति के जयघोष, भव्य शोभायात्रा का जगह-जगह हुआ स्वागत

स्टाफ रिपोर्टर – दौलतपुर चौक
डेरा बाबा रुद्रानंद आश्रम अच्युतानंद अमलैहड़ में 9 जून से आरंभ होने जा रही श्रीमद्भागवत कथा के उपलक्ष्य में रविवार को निकाली गई विशाल शोभायात्रा श्रद्धा, भक्ति और आस्था का अनुपम संगम बन गई। परम पूज्य महाराज श्रीश्री 1008 हेमानंद जी महाराज के पावन आशीर्वाद से निकाली गई। इस शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। डेरा परिसर अमलैहड़ से आरंभ हुई शोभायात्रा सुंकाली,मुबारकपुर, अंब गगरेट, अम्बोटा, दियोली, घनारी, दौलतपुर चौक, पांडव नगरी सहजल बई सहित विभिन्न क्षेत्रों से होकर गुजरी।

सहजल बई में पवित्र जलाभिषेक के उपरांत शोभायात्रा डंगोह खास, वानदू, भद्रकाली, फतेहपुर, गोंदपुर बनेहड़ा अप्पर, बिल्लू दी तलाई, नकड़ोह तथा सुंकाली होते हुए पुन: आश्रम परिसर पहुंची। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया। भीषण गर्मी और कडक़ती धूप के बावजूद श्रद्धालु घंटों सडक़ किनारे खड़े होकर शोभायात्रा की प्रतीक्षा करते रहे। अनेक स्थानों पर पुष्पवर्षा कर संत-महात्माओं और श्रद्धालुओं का अभिनंदन किया गया। डेरा के सेवक सतपाल शास्त्री ने बताया कि डेरा बाबा रुद्रानंद आश्रम में 9 जून से 15 जून तक आयोजित होने वाली श्रीमद्भागवत कथा का वाचन वृंदावन से पधारे सुप्रसिद्ध कथावाचक पूज्य श्री गौरदास जी महाराज करेंगे।

कथा के दौरान विशेष बस सेवा चलाने की मांग

स्थानीय लोगों ने मांग की है कि 9 जून से 15 जून तक आयोजित होने वाली श्रीमद्भागवत कथा के दौरान डेरा बाबा रुद्रानंद आश्रम अमलैहड़ के लिए विशेष बस सेवा शुरू की जाए। दौलतपुर चौक से गोंदपुर बनेहड़ा, भद्रकाली होते हुए तथा मुबारिकपुर से अमलैहड़ तक विशेष बसें चलाई जाएं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App