गरली-परागपुर के दो लाल बने देश की शान
सुप्रीम कोर्ट के न्यायमूर्ति संजय करोल, सीबीआई निदेशक प्रवीण सूद देश में भ्रष्टाचार के खिलाफ बुलंद आवाज
स्टाफ रिपोर्टर — गरली
हिमाचल प्रदेश के ऐतिहासिक क्षेत्र गरली-परागपुर ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि प्रतिभा और नेतृत्व किसी महानगर की जागीर नहीं होते। कांगड़ा की इस पावन धरती ने देश को ऐसे दो सपूत दिए हैं, जो आज भारत की दो सबसे महत्त्वपूर्ण और प्रभावशाली संस्थाओं में शीर्ष जिम्मेदारियां निभा रहे हैं। जब देश की सर्वोच्च अदालत में संविधान, न्याय और नागरिक अधिकारों से जुड़े ऐतिहासिक फैसले लिखे जाते हैं, तब वहां न्यायमूर्ति संजय करोल की गरिमामयी उपस्थिति दिखाई देती है और जब देश के सबसे बड़े भ्रष्टाचार, हाई प्रोफाइल घोटालों और संवेदनशील मामलों की जांच की बात होती है, तब कमान सीबीआई निदेशक प्रवीण सूद के हाथों में होती है। गर्व की बात यह है कि इन दोनों राष्ट्रीय हस्तियों की जड़ें गरली-परागपुर की उसी ऐतिहासिक मिट्टी से जुड़ी हैं, जिसने वर्षों से संस्कृति, विरासत और प्रतिभा की मिसाल कायम की है।
आज देश की 140 करोड़ आबादी जिन दो संस्थाओं पर सबसे अधिक भरोसा करती है, एक न्याय दिलाने के लिए और दूसरी सच सामने लाने के लिए, उन दोनों संस्थाओं में गरली-परागपुर का प्रतिनिधित्व होना हिमाचल के लिए गौरव का विषय है। जब दिल्ली की सत्ता और न्याय के गलियारों में बड़े फैसले होते हैं, तब कांगड़ा के इस छोटे से क्षेत्र का नाम भी सम्मान के साथ लिया जाता है। यह वही गरली-परागपुर है, जिसे देश भारत के पहले हेरिटेज विलेज के रूप में जानता है। यही क्षेत्र राष्ट्रीय नेतृत्व और उत्कृष्ट प्रशासनिक क्षमता का प्रतीक बन चुका है। यह केवल दो व्यक्तियों की सफलता नहीं, बल्कि उस मिट्टी की ताकत का प्रमाण है, जहां से निकलकर लोग देश की सबसे बड़ी जिम्मेदारियों तक पहुंच रहे हैं। गरली-परागपुर उन लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा बन गया है, जो गांवों से बड़े सपने देखते हैं।
सबसे ऊंचे मंचों तक पहुंच
देश के नक्शे पर भले ही गरली-परागपुर एक छोटा सा क्षेत्र दिखाई देता हो, लेकिन आज इसकी पहचान देश की न्याय व्यवस्था और जांच तंत्र के सबसे ऊंचे मंचों तक पहुंच चुकी है। जब सुप्रीम कोर्ट में न्याय की आवाज गूंजती है और जब सीबीआई किसी बड़े घोटाले की परतें खोलती है, तब कहीं न कहीं गरली-परागपुर का नाम भी राष्ट्रीय गौरव के साथ चमकता है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
