ऊना हास्पिटल के पोस्टमार्टम हाउस को मिला डीप फ्रीजर

By: Jun 7th, 2026 12:46 am

शवों को सुरक्षित रखने को गुरु का लंगर सेवा समिति ट्रस्ट ने किया भेंट, अस्पताल में काफी समय से चली आ रही थी दिक्कत

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-ऊना
क्षेत्रीय अस्पताल ऊना के पोस्टमार्टम हाउस में शवों को सुरक्षित रखने के लिए आ रही दिक्कतों को दूर करते हुए सामाजिक कार्यों में अग्रणी गुरु का लंगर सेवा समिति ट्रस्ट ने एक सराहनीय पहल की है। ट्रस्ट द्वारा शनिवार को अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस के लिए एक नया डीप फ्रीजर भेंट किया गया। यह फ्रीजर क्षेत्रीय अस्पताल के सीएमओ डॉ. एसके वर्मा और एमएस डॉ. संजय मनकोटिया को सुपुर्द किया गया, ताकि इसका बेहतरीन संचालन हो सके और जरूरत के समय इसका सुचारू प्रयोग किया जा सके। दरअसल, पोस्टमार्टम हाउस में शवों को रखने के लिए डीप फ्रीजर की कमी चल रही थी और वहां मौजूद एक फ्रीजर खराब होने के कारण समस्या और गंभीर हो गई थी, जिससे शवों को देर तक रखना मुश्किल हो रहा था। इस समस्या को देखते हुए ट्रस्ट के चेयरमैन महंत मंगलानंद महाराजए अध्यक्ष अश्विनी जैतिक, उपाध्यक्ष दिनेश गुप्ता,राजेश सैनी और महामंत्री राजीव भनोट ने पूरी टीम के साथ चर्चा कर तुरंत अस्पताल को डीप फ्रीजर उपलब्ध करवाने का निर्णय लिया गया है।

मुश्किल में मददगार साबित होगा यह प्रयास

ट्रस्ट के अध्यक्ष अश्वनी जैतिक ने कहा कि जीवन में मनुष्य को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ता है और जीवित रहते हुए इंसान हर कठिनाई से निकल जाता है। परंतु कई बार सडक़ दुर्घटनाओं या अन्य कारणों से असमय मौत हो जाती है और पोस्टमार्टम की जरूरत पड़ती है। ऐसे समय में डीप फ्रीजर न होने के कारण शव को रखने में दिक्कत आए तो यह बेहद दु:खद है। इसी जरूरत और संवेदनशीलता को समझते हुए ट्रस्ट ने यह कदम उठाया है।
एक महीने में मिलेगी आधुनिक ईसीजी मशीन
डीप फ्रीजर सौंपने के उपरांत क्षेत्रीय अस्पताल परिसर में गुरु का लंगर सेवा समिति ट्रस्ट की एक विशेष बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में ट्रस्ट के आगामी कार्यों को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। इस दौरान अस्पताल प्रशासन की ओर से एक ईसीजी मशीन की आवश्यकता का आग्रह सामने आया। अस्पताल की मांग पर त्वरित संज्ञान लेते हुए ट्रस्ट के अध्यक्ष अश्विनी जैतिक ने बैठक में एक आधुनिक ईसीजी मशीन देने का प्रस्ताव रखा। जिसे सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से पारित कर दिया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App