वैभव सूर्यवंशी ने रचा इतिहास, भारतीय टीम में चुने जाने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बने
सचिन तेंदुलकर का 37 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा शेफाली वर्मा भी पीछे छोड़ीं
दिव्य हिमाचल ब्यूरो — नई दिल्ली
भारतीय क्रिकेट के इतिहास में शनिवार को एक नया अध्याय जुड़ गया। वैभव सूर्यवंशी भारतीय क्रिकेट टीम में चुने गए अब तक के सबसे युवा खिलाड़ी बन गए हैं। महज 15 साल के वैभव सूर्यवंशी को आयरलैंड-इंग्लैंड दौरे के साथ-साथ एशियन गेम्स के लिए भारतीय टीम में चुन लिया गया। जिस उम्र में बच्चे पीठ पर बैग टांगकर स्कूल जाते हैं, उस उम्र में ‘बिहार का यह लाल’ भारत के लिए सबसे कम उम्र में इंटरनेशनल डेब्यू करने के लिए तैयार है। उन्होंने महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर का 37 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया है।
सचिन को पाकिस्तान के दौरे के लिए 1989 में 16 साल की उम्र में टीम में मौका मिला था। वैभव सूर्यवंशी को अंडर-19 क्रिकेट और फिर आईपीएल 2026 में इंटरनेशनल स्तर के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाने का इनाम मिला है। वह भारत के लिए सबसे कम उम्र में टीम में शामिल होने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। वैभव को जब भारतीय टीम में जगह मिली है तो उनकी उम्र 15 साल 71 दिन है। टीम में पहली बार सिलेक्शन होने के दिन सबसे कम उम्र के मामले में वैभव ने शेफाली वर्मा का भी रिकॉर्ड तोड़ा है। इससे पहले शेफाली पुरुष और महिला क्रिकेट मिलाकर भारतीय टीम के लिए चुनी जाने वाली सबसे युवा खिलाड़ी थीं। सचिन तेंदुलकर को जब 1989 में टीम इंडिया से पहली बार खेलने का मौका मिला था, तब उनकी उम्र 16 साल 205 दिन थी। वहीं शेफाली जब पहली बार चुनी गई थीं, तब वह 15 साल, 220 दिन की थीं।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
