वीडियो प्रकरण… संजौली में गिरफ्तारियों के विरोध में थाने के बाहर प्रदर्शन

By: Jun 8th, 2026 12:02 am

पीडि़ता का आरोप, मदद करने वालों पर ही की कार्रवाई, पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल, चार लोगों की रिहाई तक जारी रहेगा प्रदर्शन

स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
संजौली में कथित वीडियो प्रकरण से जुड़े घटनाक्रम के बाद रविवार को पुलिस थाना संजौली के बाहर प्रदर्शन हुआ। प्रदर्शन में पीडि़ता, उसके पिता और स्थानीय लोग शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने उन चार लोगों की गिरफ्तारी का विरोध किया, जिनको एक दुकानदार की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज करते हुए गिरफ्तार किया गया है। पीडि़ता का कहना है कि जिन लोगों ने उसकी सहायता की, उनके खिलाफ की कार्रवाई की गई है। उसने पुलिस प्रशासन से गिरफ्तार किए गए लोगों को रिहा करने की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान पीड़िता और उसके परिजन सडक़ पर बैठ गए तथा अपनी मांगों को लेकर विरोध जताया। जानकारी के अनुसार, एक दुकानदार की शिकायत पर पुलिस ने कुछ लोगों के खिलाफ तोडफ़ोड़ और प्रताडऩा के आरोपों में मामला दर्ज किया है। इसके बाद पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया। इन गिरफ्तारियों के विरोध में प्रदर्शन शुरू हुआ। पीडि़ता के पिता ने भी पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि उनकी मांगों पर उचित विचार किए जाने तक उनका विरोध जारी रहेगा। उधर, पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर स्थिति को शांतिपूर्ण बनाए रखने का आग्रह किया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कानून के अनुसार की जा रही है और सभी पक्षों को सुना जाएगा। गौरतलब है कि इस प्रकरण के मुख्य आरोपी को भी पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया जा चुका है। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति पर पुलिस नजर बनाए हुए है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

पीडि़ता की चेतावनी

पीडि़ता ने गिरफ्तार चार लोगों की रिहाई तक प्रदर्शन जारी रखने की चेतावनी दी है। उसने कहा कि जब तक उन्हें छोड़ा नहीं जाता, वह धरने से नहीं उठेगी और अनशन जारी रखेगी।

क्या है पूरा मामला?
संजौली में एक नाबालिग युवती से जुड़े कथित वीडियो प्रकरण के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी उबैद के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया था। इस बीच 6 जून को कुछ लोग युवती को साथ लेकर संजौली स्थित दर्जी अजीम मिर्जा की दुकान पर पहुंचे और उससे पहचान संबंधी पूछताछ करने लगे। शिकायत के अनुसार युवती द्वारा पहचान से इनकार करने के बाद अजीम मिर्जा और उसके सहकर्मी आफताब के साथ कथित रूप से मारपीट की गई। आरोप है कि दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की तारें भी तोड़ी गईं और दोनों को दुकान से बाहर सडक़ तक ले जाकर जुलूस निकाला गया। अजीम मिर्जा की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर मदन ठाकुर, विजय शर्मा, श्वेता चौहान और कल्पना शर्मा को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि युवती की मूल शिकायत में अजीम मिर्जा और आफताब के खिलाफ कोई आरोप नहीं थे तथा पूरे मामले की जांच जारी है। एसएसपी शिमला गौरव सिंह का कहना है कि सभी गिरफ्तारियां दर्ज शिकायत और कानूनी प्रक्रिया के तहत की गई हैं। फिलहाल मुख्य आरोपी हिरासत में है और मामले की जांच जारी है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App