एक घंटे की बारिश ने रोकी शहर की रफ्तार
सोलन में सडक़ों पर जलभराव; नालियां ओवरफ्लो, लोगों ने उठाई जल निकासी व्यवस्था सुधारने की मांग
निजी संवाददाता-सोलन
सोलन शहर में बुधवार दोपहर हुई मूसलाधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। सुबह तक तेज धूप और उमस के बाद दोपहर करीब 12:15 बजे अचानक मौसम बदला और तेज बारिश शुरू हो गई। करीब एक घंटे तक हुई बारिश से शहर की कई सडक़ें जलमग्न हो गईं और प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित रहा। लोग दुकानों और छज्जों के नीचे शरण लेने को मजबूर हो गए। बारिश ने नगर निगम की जल निकासी व्यवस्था की भी पोल खोल दी। कई स्थानों पर नालियां ओवरफ्लो हो गईं और सडक़ें तालाब जैसी नजर आईं। वाहन चालकों को धीमी गति से गुजरना पड़ा, जबकि पैदल राहगीरों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने कहा कि हर बरसात में यही स्थिति बनती है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढऩे के साथ कारोबार भी प्रभावित होता है। लोगों ने नगर निगम से सभी वार्डों में जल निकासी व्यवस्था मजबूत करने, छोटी नालियों का विस्तार करने और जलभराव वाले स्थानों का स्थायी समाधान करने की मांग की है। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में भी बारिश जारी रहने की संभावना जताई है, जिससे समस्या और बढ़ सकती है। इस बीच डॉ. वाईएस परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी के कुलपति प्रो. एचएस बवेजा ने किसानों से खेतों में जल निकासी की समुचित व्यवस्था करने की अपील की है। वहीं पुलिस अधीक्षक एसडी वर्मा ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने तथा प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करने का आग्रह किया।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

