पानी रे पानी… सोलन बुक हब की लाइब्रेरी में टपकी छत
रेनोवेशन कार्य के बीच बारिश बनी मुसीबत,छात्रों ने जल्द काम पूरा कर सुविधाएं बहाल करने की उठाई मांग
निजी संवाददाता,सोलन
शहर के पुराने उपायुक्त कार्यालय में स्थित मुख्य सार्वजनिक लाइब्रेरी (बुक हब) में इन दिनों पढ़ाई करने आने वाले विद्यार्थियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लाइब्रेरी भवन में चल रहे रिनोवेशन कार्य के बीच लगातार हो रही बारिश ने समस्या और बढ़ा दी है। बारिश का पानी छत से रिसकर लाइब्रेरी के भीतर पहुंच रहा है, जिससे अध्ययन का माहौल प्रभावित हो गया है। कई स्थानों पर पानी टपकने के कारण विद्यार्थियों को अपनी सीटें बदलनी पड़ रही हैं, जबकि कुछ जगहों पर फर्श भी गीला हो गया है। इससे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बता दे कि बुक हब शहर के विद्यार्थियों के लिए पढ़ाई का प्रमुख केंद्र माना जाता है। यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में युवा प्रतियोगी परीक्षाओं, कॉलेज और विश्वविद्यालय की परीक्षाओं की तैयारी के लिए पहुंचते हैं।
शांत वातावरण और अध्ययन की बेहतर सुविधाओं के कारण यह लाइब्रेरी छात्रों की पहली पसंद बनी हुई है। लेकिन इन दिनों रिनोवेशन कार्य और बारिश के चलते यहां का माहौल प्रभावित हो गया है। विद्यार्थियों का कहना है कि भवन का रिनोवेशन होना आवश्यक है और इससे भविष्य में बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, लेकिन बारिश के मौसम में निर्माण कार्य के कारण पानी का अंदर पहुंचना चिंता का विषय है। उनका कहना है कि कई बार किताबें, नोट्स और अन्य अध्ययन सामग्री भी भीगने का खतरा बना रहता है। पढ़ाई के दौरान बार-बार सीट बदलनी पड़ती है, जिससे एकाग्रता भी भंग होती है। छात्रों ने बताया कि प्रतियोगी परीक्षाओं का समय चल रहा है और हर दिन उनके लिए बेहद महत्वपूर्ण है। ऐसे में यदि लाइब्रेरी में ही व्यवधान उत्पन्न होगा तो उनकी तैयारी प्रभावित होना स्वाभाविक है। उनका कहना है कि संबंधित विभाग को अस्थायी तौर पर ऐसी व्यवस्था करनी चाहिए, जिससे बारिश का पानी अंदर न आए और विद्यार्थियों को बिना किसी परेशानी के अध्ययन करने का माहौल मिल सके। उनका कहना है कि यदि कार्य जल्द पूरा हो जाता है तो भविष्य में ऐसी समस्या से भी राहत मिलेगी और लाइब्रेरी पहले से अधिक आधुनिक एवं सुविधाजनक बन सकेगी।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

