भीषण गर्मी में सिलेंडर को घंटों इंतजार
बद्दी में गैस वितरण व्यवस्था पर उठे सवाल, सुबह चार बजे से लाइन में लगे रहे लोग
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-बद्दी
औद्योगिक क्षेत्र बद्दी में घरेलू एलपीजी गैस वितरण व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। इंडेन गैस की डोर-टू-डोर वितरण व्यवस्था प्रभावी ढंग से लागू नहीं होने के कारण उपभोक्ताओं को घंटों लाइन में खड़ा रहना पड़ रहा है। मंगलवार को स्वराजमाजरा मैदान में गैस सिलेंडर लेने पहुंचे लोगों को सुबह से ही भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
उपभोक्ताओं का आरोप है कि गैस वाहन निर्धारित समय पर नहीं पहुंचाए जिससे भीषण गर्मी में घंटों इंतजार करना पड़ा। स्थानीय उपभोक्ताओं कर्मचंद, रामलाल, महेश, राकुमार और हर्ष आर्य ने बताया कि वे सुबह चार बजे से लाइन में लगे हुए थे, लेकिन सुबह 11 बजे तक भी गैस वितरण वाहन मौके पर नहीं पहुंचा। उनका कहना था कि केंद्र और प्रदेश सरकार की ओर से घरेलू गैस की डोर-टू-डोर आपूर्ति के निर्देश दिए गए हैं, लेकिन बद्दी में लोगों को खुले मैदान में घंटों खड़ा रहकर सिलेंडर लेने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
न्यायालय में उठाया जाएगा मामला
कार्यकर्ता एवं पूर्व पार्षद डाक्टर संदीप क मार सचदेवा ने कहा कि गैस वितरण में कथित नियमितताओं की शिकायत उपायुक्त सोलन को भेजी गई है। उन्होंने खाद्य आपूर्ति मंत्री और जिला प्रशासन से मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर व्यवस्था सुधारने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि डोर.टू.डोर गैस वितरण शुरू नहीं किया तो इस मामले को न्यायालय में भी उठाया जाएगा।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

