बायोमीट्रिक हाजिरी पत्र की भाषा पर भडक़े कालेज प्राचार्य
स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
एचपी राजकीय महाविद्यालय शिक्षक संघ ने उच्च शिक्षा निदेशालय द्वारा कालेज प्राचार्यों को जारी बायोमीट्रिक उपस्थिति संबंधी पत्र में प्रयुक्त भाषा एवं सामान्यीकृत टिप्पणियों पर चिंता व्यक्त की है। संघ ने निदेशक, उच्च शिक्षा, हिमाचल प्रदेश को एक विस्तृत पत्र प्रेषित कर उक्त पत्र में प्रयुक्त शब्दों एवं टिप्पणियों पर पुनर्विचार करने का आग्रह किया है। एचजीसीटीए के महासचिव ने स्पष्ट किया कि संघ पारदर्शिता, जवाबदेही, समयपालन और अनुशासन का पूर्ण समर्थन करता है।
किंतु पत्र में प्रयुक्त ऐसी टिप्पणियां, जिनसे यह संदेश जाता है कि महाविद्यालय शिक्षक केवल बायोमीट्रिक उपस्थिति दर्ज कराकर अपने दायित्वों का निर्वहन किए बिना संस्थान छोड़ देते हैं, समस्त शिक्षक समुदाय की निष्ठा, ईमानदारी पर अनावश्यक प्रश्नचिह्न लगाती हैं। एचजीसीटीए के प्रदेश उपाध्यक्ष ने कहा है कि यदि कहीं कोई व्यक्तिगत स्तर पर अनियमितता या कत्र्तव्यहीनता का मामला है, तो विभाग के पास कार्रवाई करने के पर्याप्त प्रशासनिक प्रावधान उपलब्ध हैं।
पुनर्विचार की मांग
संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष डा. सुरिंदर और डा. सतीश, सहसचिव डा. देवेंद्र और डा. चंद्र ने भी निदेशक, उच्च शिक्षा से आग्रह किया है कि बायोमेट्रिक उपस्थिति संबंधी पत्र में प्रयुक्त भाषा पर पुनर्विचार करें।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

