शूलिनी विवि में देशभर के 100 ऑनलाइन शिक्षार्थियों का भव्य स्वागत

By: Jul 11th, 2026 12:50 am

पांच दिवसीय कैंपस इमर्शन कार्यक्रम में लीडरशिप, एआई, इनोवेशन और उद्यमिता पर होंगे विशेष सत्र
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-सोलन
शूलिनी यूनिवर्सिटी के शूलिनी सेंटर फॉर डिस्टेंस एंड ऑनलाइन एजुकेशन द्वारा आयोजित पांच दिवसीय **कैंपस इमर्शन एक्सपीरियंस-2026 में देशभर से आए करीब 100 ऑनलाइन शिक्षार्थियों का स्वागत किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ऑनलाइन शिक्षा को कैंपस आधारित अनुभव से जोड़ते हुए प्रतिभागियों को अकादमिक, नेतृत्व, नवाचार, उद्यमिता और उद्योग जगत से परिचित कराना है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संस्थापक कुलाधिपति प्रो. पीके खोसला ने कहा कि ऑनलाइन शिक्षा गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा तक पहुंच को आसान बना रही है। उन्होंने समग्र शिक्षा पर जोर देते हुए विद्यार्थियों से वेद-उपनिषद जैसे ग्रंथों से जीवन मूल्यों और ज्ञान ग्रहण करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल शैक्षणिक उत्कृष्टता नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण, संवाद कौशल और संवेदनशीलता का विकास भी है।

प्रो-चांसलर प्रो. विशाल आनंद ने जुगाड़ की अवधारणा के माध्यम से नवाचार, नेतृत्व और समस्या समाधान पर व्याख्यान दिया। वहीं, निदेशक प्रो. अमर राज सिंह सूरी ने प्रतिभागियों को विश्वविद्यालय की नवाचार संस्कृति से परिचित कराया तथा कार्यस्थल पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के बढ़ते महत्व पर प्रकाश डाला। लीडरशिप विशेषज्ञ पायल जिंदल खन्ना, प्रो. पूजा वर्मा और प्रो. कमल कांत वशिष्ठ ने नेतृत्व, उद्यमिता, करियर विकास और उद्देश्यपूर्ण जीवन पर प्रेरक सत्र लिए। पहले दिन का समापन करियर प्लानिंग पर आयोजित विशेष सत्र के साथ हुआ, जिसमें तकनीकी विशेषज्ञों ने रोजगार क्षमता और नई तकनीकों के अनुरूप कौशल विकसित करने के सुझाव दिए। अगले चार दिनों में प्रतिभागियों को एआई, संचार कौशल, इंटरव्यू, नेतृत्व, उद्यमिता और नई तकनीकों पर विशेषज्ञों के सत्रों के साथ सांस्कृतिक गतिविधियों और नेटवर्किंग का भी अवसर मिलेगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App