सोलन-सुबाथू रोड पर कीचड़ ही कीचड़

By: Jul 30th, 2026 12:02 am

जिला की आधी आबादी को जोडऩे वाली सडक़ पर वाहन चालकों व किसानों की बढ़ी परेशानी

स्टाफ रिपोर्टर—सोलन
जिला की आधी से अधिक आबादी को मुख्यालय सोलन से जोडऩे वाले सोलन-सुबाथू मार्ग की हालत लगातार बिगड़ती जा रही है। बरसात के बाद सडक़ पर जगह-जगह बड़े गड्ढे और जलभराव होने से वाहन चालकों का सफर बेहद मुश्किल हो गया है। कई स्थानों पर सडक़ तालाब में तब्दील हो गई है, जिससे दोपहिया और छोटे वाहनों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

सोलन, सुबाथू, कुठाड़, चंडी, रामशहर, कुनिहार, अर्की और दाड़लाघाट सहित कई क्षेत्रों के लोग इसी 22 किलोमीटर लंबे मार्ग से जिला मुख्यालय पहुंचते हैं। प्रतिदिन सैकड़ों वाहन, बसें और ट्रक इस सडक़ से गुजरते हैं, लेकिन लंबे समय से इसकी हालत खस्ताहाल बनी हुई है। बारिश के बाद स्थिति और गंभीर हो गई है तथा कई जगह सडक़ पूरी तरह उखड़ चुकी है। वाहन चालकों का कहना है कि खराब सडक़ के कारण वाहनों को नुकसान पहुंच रहा है।

मंत्री के निर्देशों के बाद भी नहीं सुधरी सडक़
हाल ही में लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने सोलन दौरे के दौरान इस मार्ग का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए थे, लेकिन अब तक सडक़ की हालत में कोई सुधार नहीं हो पाया है। बरसात के बाद मार्ग पहले से अधिक जर्जर हो गया है।
टमाटर सीजन में किसानों की बढ़ी चिंता
इन दिनों सोलन के हैप्पी वैली क्षेत्र में टमाटर का सीजन चरम पर है। किसान इसी मार्ग से अपनी उपज मंडियों तक पहुंचाते हैं, लेकिन सडक़ की खराब स्थिति के कारण उन्हें परिवहन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App