युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश

By: Jul 30th, 2026 12:01 am

230 विद्यार्थियों ने लिया नशामुक्त भारत बनाने का संकल्प, विशेषज्ञों ने युवाओं को किया जागरूक

स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
राजीव गांधी राजकीय महाविद्यालय कोटशेरा में बुधवार को विकसित भारत युवा कनेक्ट प्रोग्राम-नशा मुक्त युवा भारत अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), क्षेत्रीय निदेशालय चंडीगढ़, माई भारत शिमला तथा महाविद्यालय की एनएसएस इकाई के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। इसमें विभिन्न महाविद्यालयों के 230 एनएसएस स्वयंसेवकों और विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना, स्वस्थ एवं जिम्मेदार जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना तथा माई भारत अभियान के उद्देश्यों और कार्यप्रणाली से परिचित कराना था। मुख्यातिथि एनएसएस स्टेट नोडल ऑफिसर प्रो. सरोज भारद्वाज ने कहा कि युवा शक्ति राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत है।

यदि युवा नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा शिक्षा, सेवा और राष्ट्र निर्माण में लगाएं तो विकसित भारत का सपना साकार हो सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से समाज में नशामुक्ति का संदेश फैलाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में प्राचार्य डॉ. गोपाल चौहान, हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के प्रो. डॉ. अमरजीत सिंह, यूथ आइकन विराज सूद, क्षेत्रीय निदेशालय चंडीगढ़ के अंकुश, जिला युवा अधिकारी विपिन कुमार तथा अन्य वक्ताओं ने नशे के सामाजिक, मानसिक और शारीरिक दुष्परिणामों पर प्रकाश डालते हुए युवाओं को इससे दूर रहने की सलाह दी। साथ ही माई भारत अभियान की गतिविधियों और युवाओं की भूमिका की भी जानकारी दी गई। कार्यक्रम के समापन पर सभी 230 विद्यार्थियों एवं प्रतिभागियों ने नशामुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय सहयोग देने तथा समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App