गुरु पूर्णिमा पर राष्ट्रीय संत बाबा बाल जी महाराज के आश्रम में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
संत के चरणों में शीश झुकाने पहुंचे हजारों भक्त, ऊना के आश्रम में श्रद्धा और समर्पण का दिखा भव्य समागम
दिव्य हिमाचल ब्यूरो – ऊना
गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर राष्ट्रीय संत बाबा बाल जी महाराज आश्रम में श्रद्धा और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। सुबह से ही दूर-दराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु आश्रम पहुंचने लगे। दिनभर आश्रम परिसर भक्तों की भीड़ से खचाखच भरा रहा। श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर राष्ट्रीय संत बाबा बाल जी महाराज के दर्शन किए और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर बाबा बाल जी महाराज ने अपने प्रवचनों में गुरु के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गुरु ही मनुष्य को अज्ञान के अंधकार से निकालकर ज्ञान के प्रकाश की ओर ले जाता है। उन्होंने कहा कि गुरु के बताए मार्ग पर चलकर ही जीवन को सफल और सार्थक बनाया जा सकता है।
उन्होंने श्रद्धालुओं से समाज में प्रेम, भाईचारा और मानव सेवा की भावना को बढ़ावा देने का आह्वान करते हुए कहा कि सच्ची भक्ति केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरतमंदों की सहायता करना, माता-पिता और बुजुर्गों का सम्मान करना तथा समाज के प्रति अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करना भी ईश्वर की सच्ची आराधना है। उनके प्रेरणादायी प्रवचनों को सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे और पूरे परिसर में आध्यात्मिक वातावरण बना रहा। पूरे दिन आश्रम परिसर में श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहा। बड़ी संख्या में महिला, पुरुष, युवा और बच्चों ने गुरु पूर्णिमा के अवसर पर बाबा बाल जी महाराज का आशीर्वाद प्राप्त कर अपने जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आश्रम प्रबंधन की ओर से पेयजल, बैठने और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

