ड्यूटी में लापरवाही पर गिरेगी गाज, पशुपालन मंत्री ने पशु चिकित्सा स्टाफ को दिए सख्त निर्देश

By: Jul 11th, 2026 12:10 am

स्टाफ रिपोर्टर — मोहाली

राज्य की पशुधन स्वास्थ्य सेवा प्रणाली को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पंजाब के पशुपालनए डेयरी विकास एवं मत्स्य पालन मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां ने शुक्रवार को पशु चिकित्सा अधिकारियों, निरीक्षकों तथा अन्य कर्मचारियों को जनता के प्रति जवाबदेही के साथ अपने कत्र्तव्यों का निर्वहन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। एसण्एण्एसण् नगर स्थित लाइवस्टॉक कॉम्प्लेक्स में आयोजित उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए श्री खुड्डियां ने राज्यभर के सभी पशु चिकित्सालयों और डिस्पेंसरियों के कार्यों, आधारभूत ढांचे तथा स्वच्छता व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की।

कुछ संस्थानों की खराब स्थिति पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए कैबिनेट मंत्री ने पशुपालन निदेशक को निर्देश दिए कि भवनों की तत्काल मरम्मतए रखरखाव तथा आवश्यक सेवाओं के उन्नयन का कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा कराया जाए। गुरमीत सिंह खुड्डियां ने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक पशु चिकित्सा संस्थान में 24 घंटे बिजली तथा स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने टीकों के सुरक्षित संरक्षण के लिए उपयुक्त कोल्ड स्टोरेज व्यवस्था की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि वैक्सीन भंडारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही के लिए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की प्रत्यक्ष जवाबदेही तय की जाएगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App