बस अड्डे की बंद दुकानों पर होगी कार्रवाई

By: Jul 30th, 2026 12:02 am

नगर पंचायत गगरेट की पहली बैठक में लिए कई अहम फैसले, वार्डों से हटेंगे डस्टबिन, कई पहलुओं पर भी मंथन

स्टाफ रिपोर्टर-गगरेट
नगर पंचायत गगरेट के तमाम वार्ड अब कूड़ादान रहित नजर आएंगे। यही नहीं बल्कि बस अड्डे पर दुकानें लेकर उनपर ताला सजाने वालों को भी नगर पंचायत नोटिस जारी करेगी। या तो अब दुकानें खोलनी होंगी या फिर नगर पंचायत को वापिस करनी होगी। मंगलवार को नगर पंचायत गगरेट की राखी गई उगली बैठक में कई अहम निर्णय लिए गए हैं। बैठक की अध्यक्षता नगर पंचायत की अध्यक्ष मंजू ठाकुर ने की। बैठक में नगर पंचायत क्षेत्र से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। सबसे अहम निर्णय बस अड्डे पर लंबे समय से बंद पड़ी दुकानों को लेकर लिया गया। तय किया गया कि जिन दुकानों के किरायेदार लंबे समय से दुकानें बंद रखे हुए हैं, उन्हें नोटिस जारी किए जाएंगे।

नोटिस के माध्यम से उन्हें दुकानें शीघ्र खोलने के निर्देश दिए जाएंगे। यदि इसके बावजूद दुकानें नहीं खोली गईं तो नगर पंचायत उनके आवंटन को रद्द कर दुकानें वापस लेने की कार्रवाई करेगी। बैठक में कहा गया कि बंद दुकानें बस अड्डे की सुंदरता और व्यावसायिक गतिविधियों पर भी प्रतिकूल प्रभाव डाल रही हैं।इसके अलावा बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि नगर पंचायत क्षेत्र में बाहरी क्षेत्रों से आने वाले लोगों को बिना अनुमति सामान बेचने की अनुमति नहीं होगी। यदि कोई व्यक्ति नियमों का उल्लंघन करते हुए सामान बेचता पाया गया तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। स्वच्छता व्यवस्था को लेकर भी महत्वपूर्ण फैसला लिया गया। निर्णय लिया कि सभी वार्डों में रखे गए डस्टबिन हटा दिए जाएंगे। वहीं अन्य पहलुओं पर भी मंथन किया गया।

बधाई राशि 2100 तय

गगरेट। ग्राम पंचायत अप्पर गगरेट की ग्राम सभा का आयोजन बुधवार को ग्राम पंचायत प्रधान नीलम रानी एवं उप-प्रधान आशीष शर्मा की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। ग्राम सभा में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर पंचायत के विकास और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर अपने सुझाव एवं समस्याएं रखीं। ग्राम सभा में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि गांव में किसी परिवार में पुत्र जन्म होने पर बधाई देने आने वाले किन्नर समुदाय को 2100 तथा विवाह के अवसर पर भी 2100 की बधाई राशि निर्धारित की जाएगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App