सेब सीजन से पहले प्रशासन अलर्ट, बढ़ेगा मालभाड़ा
रामपुर में समन्वय बैठक में सेब सीजन की तैयारियों पर महामंथन, बागबानों की सुविधा के लिए नियंत्रण कक्ष होगा स्थापित
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-रामपुर बुशहर
सेब सीजन को सुचारू और व्यवस्थित ढंग से चलाने के लिए रामपुर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। उपमंडलाधिकारी (नागरिक) हर्ष अमरेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में मिनी सचिवालय रामपुर में आयोजित समन्वय बैठक में सेब परिवहन, विपणन और बागवानों की सुविधाओं को लेकर कई अहम फैसले लिए गए। बैठक में डीजल और परिवहन लागत में बढ़ोतरी को देखते हुए पिछले वर्ष की तुलना में इस बार सेब मालभाड़े में 20 प्रतिशत वृद्धि का प्रस्ताव उपायुक्त शिमला को भेजने का निर्णय लिया गया। अंतिम दरों का निर्धारण उपायुक्त शिमला द्वारा किया जाएगा। बैठक में ट्रकों और पिकअप वाहनों की उपलब्धता, ओवरलोडिंग पर नियंत्रण, यातायात व्यवस्था, संपर्क मार्गों की मरम्मत, सेब पेटियों व कार्टनों की उपलब्धता, आढ़तियों के लाइसेंस सत्यापन, ग्रेडिंग-पैकिंग इकाइयों के लिए बिजली और पेयजल व्यवस्था सहित कई अहम मुद्दों पर चर्चा की गई। प्रशासन ने एचपीएमसी के एमआईएस के तहत सेब संग्रह केंद्रों की व्यवस्था, अधिक उत्पादन वाले क्षेत्रों की पहचान, क्रेट व स्पैन की उपलब्धता, खच्चर संचालकों की सूची तैयार करने और सडक़ों पर लगने वाली अस्थायी मंडियों की निगरानी के भी निर्देश दिए।
बागबानी विभाग के अनुसार इस वर्ष रामपुर उपमंडल में सेब उत्पादन पिछले साल की अपेक्षा कम रहने का अनुमान है। रामपुर विकास खंड में करीब 11.50 लाख और ननखरी विकास खंड में लगभग 7 लाख सेब पेटियों के उत्पादन की संभावना जताई गई है। एसडीएम ने बागबानों की सुविधा के लिए सेब सीजन के दौरान नियंत्रण कक्ष स्थापित करने और अधिकारियों के संपर्क नंबर सार्वजनिक करने के निर्देश दिए। उन्होंने क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी, पुलिस और राजस्व विभाग को 20 जुलाई के बाद ओवरलोडिंग करने वाले वाहनों की नियमित जांच कर साप्ताहिक रिपोर्ट देने को कहा। उन्होंने खंड विकास अधिकारी को पंचायत प्रतिनिधियों के सहयोग से ग्रेडिंग और पैकिंग की दरों को नियंत्रित रखने के लिए समन्वय बनाने के निर्देश भी दिए। प्रशासन की ओर से एक सप्ताह बाद दोबारा समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें बागवानों, ट्रक यूनियन और पिकअप यूनियन के प्रतिनिधियों को भी शामिल किया जाएगा। बैठक में तहसीलदार राजस्व रामपुर योगेश कुमार, तहसीलदार ननखरी अनिल शर्मा, नायब तहसीलदार सुरेश नेगी सहित बागवानी, लोक निर्माण, पुलिस, परिवहन, एपीएमसी, एचपीएमसी, विद्युत बोर्ड, जल शक्ति विभाग के अधिकारी और बागवान मौजूद रहे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

