सोलन के आंजी के समीप महिला की हत्या के प्रयास से सनसनी, क्षेत्रीय अस्पताल में भर्ती
निजी संवाददाता, सोलन।
सोलन शहर के आंजी क्षेत्र के समीप देर रात एक महिला की हत्या के प्रयास का मामला सामने आया है। घटना के बाद घायल महिला को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में भर्ती करवाया गया है, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है। घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।पुलिस अधीक्षक सोलन तिरुमला राजू एसडी वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि एक पुरुष ने महिला की जान लेने का प्रयास किया।
हालांकि घटना के पीछे के कारणों का अभी खुलासा नहीं हुआ है।पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पुलिस की टीम विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जाएगी, ताकि आरोपी की पहचान और घटना के क्रम का पता लगाया जा सके। पुलिस आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने कहा कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

