सवा करोड़ का भवन घेवट बेहड़ पंचायत को समर्पित

By: Jul 11th, 2026 12:48 am

विधायक सुदर्शन बबलू ने किया विधिवत उद्घाटन, योजनाओं पर अलख
स्टाफ रिपोर्टर-अंब
चिंतपूर्णी के विधायक सुदर्शन सिंह बबलू ने शुक्रवार को घेवट बेहड़ में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान 1.14 करोड़ रुपए की लागत से बनाए नए पंचायत भवन का उद्घाटन किया। इस मौके पर स्थानीय पंचायत प्रधान सिमरन, उपप्रधान रविंदर सिंह व अन्य ग्रामीणों ने विधायक का गर्मजोशी से स्वागत किया। विधायक बबलू ने कहा कि पूरे ऊना जिले में सबसे ज्यादा पैसा चिंतपूर्णी विधानसभा की पंचायतों को नए भवन बनाने के लिए मिला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा पंचायतों को मजबूत किया है और इसमें सबसे बड़ा योगदान पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी का रहा है। उन्होंने कहा कि उन्होंने खुद भी बिना किसी भेदभाव के हर पंचायत का साथ दिया है, जिसका परिमाण अब विकास के रूप में धरातल पर दिख रहा है। विधायक ने कहा कि साढ़े तीन साल के कार्यकाल में उन्होंने देखा कि कई प्रधान अलग राजनीतिक सोच के कारण उनके पास काम लेकर आए ही नहीं। उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव किसी पार्टी के निशान पर नहीं होते, इसलिए सभी चुने हुए प्रतिनिधियों को मिलकर काम करना चाहिए, क्योंकि काम न होने से नुकसान सिर्फ जनता का होता है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार में चिंतपूर्णी क्षेत्र में करीब 700 करोड़ रुपए के विकास कार्य हुए हैं। इसके अलावा सवा दो सौ करोड़ रुपए मंदिर के काम के लिए दे दिए गए हैं। इसे देश के बड़े मंदिरों की तर्ज माता चिंतपूर्णी मंदिर का भी विस्तार किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान विधायक ने स्थानीय लोगों की समस्याएं भी सुनी। उन्होंने पंचायत की मांग पर वार्ड नंबर तीन में रास्ता ब पुली निर्माण के लिए पांच लाख देने की भी घोषणा की। इस मौके पर एसडीएम अंब पारस अग्रवाल, बीडीओ ओम पाल डोगरा, नायब तहसीलदार संजीव कुमार, एक्सईएन मंजीत राजन, ब्लाक कांग्रेस के अध्यक्ष डॉ. रविंद्र कुमार शर्मा, जिला परिषद सदस्य सरवन सिंह, बीडीसी सदस्य अनूप कुमारी, पंचायत प्रधान सिमरन, उपप्रधान रविंद्र सिंह, राज कुमार गौतम, निशा शर्मा, वास देव, हरजिंदर सिंह, बंसी लाल, यूथ कांग्रेस के ब्लाक अध्यक्ष अनमोल शर्मा मौजूद रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App