13-14 साल के बच्चे भी सिरिंज से कर रहे नशा
नशे पर शिकंजा कसेगा प्रशासन, अगस्त में सभी नशा मुक्ति केंद्रों का होगा औचक निरीक्षण
स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
राजधानी शिमला में बुधवार को आयोजित जिला एनसीओआरडी (एनकोर्ड) समिति की बैठक में सामने आया कि 13-14 वर्ष के बच्चे भी सिरिंज के माध्यम से नशा कर रहे हैं। एक स्वयंसेवी संस्था की प्रतिनिधि ने बताया कि इससे हेपेटाइटिस जैसी गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है। इस पर उपायुक्त अनुपम कश्यप ने सभी विभागों को समन्वित कार्रवाई के निर्देश दिए। बैठक में नशे की चपेट में आए बच्चों और उनके अभिभावकों की नियमित काउंसलिंग पर जोर दिया गया। उपायुक्त ने पुलिस को नशा तस्करों की संपत्तियों की जांच और राजस्व विभाग को निशानदेही रिपोर्ट शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अगस्त में जिले के सभी नशा मुक्ति केंद्रों का औचक निरीक्षण करने की घोषणा भी की।
बैठक में पुलिस, स्वास्थ्य, शिक्षा और समाज कल्याण विभाग ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान और पुनर्वास कार्यों की जानकारी दी। उपायुक्त ने कहा कि नशामुक्त समाज के लिए प्रशासन के साथ समाज के हर वर्ग की भागीदारी और जीरो टॉलरेंस की नीति जरूरी है। बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह, अतिरिक्त उपायुक्त सचिन शर्मा, एडीएम (कानून एवं व्यवस्था) पंकज शर्मा, एडीएम (प्रोटोकॉल) ज्ञान सागर नेगी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. यशपाल रांटा, विभिन्न उपमंडलों के एसडीएम, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, विभिन्न डीएसपी, जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. विनीत लखनपाल सहित विभिन्न विभागों के अधिक ारी उपस्थित रहे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

