ब्यास नदी के तेज बहाव से फंसे दो घोड़ों का सफल रेस्क्यू
कार्यालय संवाददाता-कुल्लू
कुल्लू जिले के गांव छरुडू में बुधवार को ब्यास नदी के तेज़ बहाव के कारण फंसे दो घोड़ों को फायर स्टेशन कुल्लू की टीम ने सुरक्षित बचा लिया। फायर स्टेशन कुल्लू के फायर ऑफिसर प्रेम भारद्वाज ने जानकारी देते हुए कहा कि फायर स्टेशन कुल्लू को बचाव कॉल प्राप्त हुई, जिसके तुरंत बाद टीम आवश्यक उपकरणों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हो गई। टीम ने लगभग 5 मिनट के रिस्पॉन्स टाइम में कार्रवाई शुरू करते हुए शाम शाम तक सफल रेस्क्यू अभियान पूरा किया। रेस्क्यू अभियान के दौरान ब्यास नदी के किनारे फंसे दो घोड़ों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इस घटना में कोई व्यक्ति घायल नहीं हुआ और किसी प्रकार की संपत्ति का नुकसान भी नहीं हुआ।
बचाए गए दोनों घोड़ों का अनुमानित मूल्य लगभग एक लाख रुपये बताया गया है। इस अभियान में फायर स्टेशन कुल्लू के पांच कर्मियों ने हिस्सा लिया। रेस्क्यू के लिए फायर वाहन का उपयोग किया गया। घटनास्थल की दूरी लगभग 3 किलोमीटर थी। फायर विभाग के अनुसार, ब्यास नदी का जलस्तर और तेज बहाव इस घटना का मुख्य कारण रहा। विभाग ने लोगों से बरसात के मौसम में नदी-नालों के आसपास सतर्क रहने और पशुओं को भी ऐसे स्थानों से दूर रखने की अपील की है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

