उचित मूल्य की दुकानों पर अब दिखेगा शिकायत नंबर
हमीरपुर में राशन व्यवस्था पर एडीसी की पैनी नजर, 3421 निरीक्षण, 75 सैंपल… सिर्फ एक फेल, एडीसी ने सराहा सिस्टम
दिव्य हिमाचल ब्यूरो – हमीरपुर
एडीसी अभिषेक गर्ग ने खाद्य, नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता मामले विभाग के अधिकारियों और नागरिक आपूर्ति निगम के अधिकारियों एवं फील्ड कर्मचारियों को जिला में खाद्यान्नों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा फील्ड में लगातार सैंपलिंग एवं टेस्टिंग करने के निर्देश दिए हैं। बुधवार को जिला स्तरीय सार्वजनिक वितरण समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए अभिषेक गर्ग ने कहा कि जिला में उचित मूल्य की सभी 320 दुकानों में शिकायत नंबर प्रमुखता के साथ प्रदर्शित किए जाने चाहिए। एडीसी ने कहा कि इस वर्ष की पहली छमाही के दौरान जिला में भारतीय खाद्य निगम एवं राज्य खाद्य आपूर्ति निगम के गोदामों, आटा मीलों और उचित मूल्य की दुकानों में खाद्यान्नों के 3421 निरीक्षण किए गए और इनसे 75 सैंपल लिए गए।
इनमें से केवल एक सैंपल फेल हुआ। इसके अलावा विभिन्न व्यापारिक प्रतिष्ठानों में भी 2089 निरीक्षण किए गए हैं और इनमें से 5 मामलों में अनियमितता पाए जाने पर 9252 रुपए जुर्माना वसूला गया है। एडीसी ने बताया कि जिला के कुल 1,53,647 राशन कार्डों के 5,48,675 उपभोक्ताओं को पर्याप्त मात्रा में खाद्यान्न उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। 10 गैस एजेंसियों के माध्यम से 1,63,150 उपभोक्ताओं को रसोई गैस प्रदान की जा रही है। उन्होंने अधिकारियों को जिले के सभी क्षेत्रों में सिलेंडरों की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। एडीसी ने कहा कि जिला में सभी राशनकार्ड धारकों की आधार एवं मोबाइल की सीडिंग हो चुकी है। 96 प्रतिशत राशनकार्ड धारकों की ई-केवाईसी भी हो चुकी है। जिला में उचित मूल्य की नई दुकानें खोलने के प्रस्तावों और आवेदनों पर भी बैठक में व्यापक चर्चा की गई है। इनमें से उपयुक्त प्रस्तावों और पात्र आवेदनों को मंजूरी प्रदान करने का निर्णय लिया गया। बैठक में समिति की सदस्य सचिव और खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग की जिला नियंत्रक आंचल कुमारी ने विभिन्न मदों का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया।
अनीता शर्मा और रीटा कुमारी की मौजूदगी में समीक्षा
इस अवसर पर जिला परिषद अध्यक्ष अनीता शर्मा, खाद्य आपूर्ति निगम की क्षेत्रीय प्रबंधक रीटा कुमारी, भारतीय खाद्य निगम, सहकारिता विभाग, कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक और अन्य विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

