सेना भर्ती के लिए धर्मशाला तैयार… अग्निवीर बनने का मौका

By: Jul 30th, 2026 12:02 am

पहली से 15 अगस्त तक धर्मशाला ट्रैक पर दौड़ेंगे कांगड़ा-चंबा के हजारों युवा, मैदान और मेडिकल परीक्षा में लेंगे हिस्सा

स्टाफ रिपोर्टर- धर्मशाला
सेना भर्ती कार्यालय पालमपुर ने कांगड़ा और चंबा जिले के अग्निवीर भर्ती वर्ष-2026 के ग्राउंड टेस्ट के की प्रक्रिया एक अगस्त शनिवार से शुरू हो जाएगी, जो कि 15 अगस्त तक संचालित की जाएगी। इस दौरान जिला युवा सेवाएं एवं खेल विभाग के सिंथेटिक ट्रैक व इंडोर स्टेडियम में ही शारीरिक मैदानी व मेडिकल परीक्षण का आयोजन किया जाएगा। इसके चलते एक से 15 अगस्त तक धर्मशाला में अभ्यास करने वाले राष्ट्रीय, राज्य स्तरीय सहित सभी खिलाडिय़ों व लोगों को सुबह के सत्र में अभ्यास करने का मौका नहीं मिल पाएगा।

हालांकि शाम को तीन बजे के बाद भर्ती प्रक्रिया पूरी होने पर खिलाडिय़ों को शाम सत्र में अभ्यास को ट्रैक व इंडोर स्टेडियम की सुविधा मिल पाएगी। सेना भर्ती निदेशक कर्नल विशाल शाह ने बताया कि अग्निवीर जनरल ड्यूटी, तकनीकी, लिपिक/स्टोर कीपर तकनीकी, ट्रेड्समैन (दसवीं उत्तीर्ण) तथा ट्रेड्समैन (आठवीं उत्तीर्ण) श्रेणियों के अभ्यर्थी भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट से अपने प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। ग्राउंड टेस्ट का आयोजन एक से 15 अगस्त तक धर्मशाला स्थित युवा सेवाएं एवं खेल विभाग के सिंथेटिक ट्रैक पर किया जाएगा। अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र में अंकित तिथि और समय के अनुसार ही परीक्षा स्थल पर पहुंचना होगा।

भर्ती प्रक्रिया के लिए रोजाना सुबह करीब चार बजे से गतिविधियां शुरू हो जाएंगी। ऐसे में सिंथेटिक ट्रैक और इंडोर स्टेडियम में अभ्यास करने वाले राष्ट्रीय स्तर सहित जिले के खिलाडिय़ों को सुबह के सत्र में अभ्यास से वंचित रहना पड़ेगा। भर्ती प्रक्रिया प्रतिदिन दोपहर बाद पूरी होने के बाद शाम तीन बजे के बाद खिलाडिय़ों को ट्रैक और इंडोर स्टेडियम में अभ्यास की अनुमति मिलेगी। यह व्यवस्था 15 अगस्त तक जारी रहेगी। युवा सेवाएं एंव खेल विभाग कांगड़ा के जिला खेल अधिकारी रवि शंकर ने बताया कि अग्निवीर भर्ती के कारण सुबह के समय सिंथेटिक ट्रैक और इंडोर स्टेडियम भर्ती प्रक्रिया के लिए आरक्षित रहेंगे। खिलाडिय़ों से सहयोग की अपील की गई है।

अग्रिवीर उम्मीदवारों को दस्तावेज लाने अनिवार्य

सेना भर्ती कार्यालय ने अभ्यर्थियों को निर्देश दिए हैं कि वह अपने साथ मूल दस्तावेज, आधार कार्ड, पैन कार्ड, प्रवेश पत्र, पहचान पत्र तथा क्षतिपूर्ति बांड (इंडेम्निटी बॉन्ड) अनिवार्य रूप से लेकर आएं। प्रवेश पत्र डाउनलोड करने में किसी प्रकार की समस्या होने पर अभ्यर्थी सेना भर्ती कार्यालय, पालमपुर से ई-मेल अथवा दूरभाष के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं। कर्नल विशाल शाह ने बताया कि अग्निवीर लिपिक, अग्निवीर लिपिक एवं जनरल ड्यूटी, अग्निवीर लिपिक एवं तकनीकी तथा अग्निवीर लिपिक एवं ट्रेड्समैन (दसवीं उत्तीर्ण) श्रेणी के कांगड़ा और चंबा जिले के अभ्यर्थियों का ग्राउंड टेस्ट दो और तीन अक्तूबर 2026 को हमीरपुर के अनु सिंथेटिक ट्रैक में आयोजित किया जाएगा। अभ्यर्थियों को भर्ती संबंधी सभी नवीनतम जानकारियों के लिए सेना भर्ती कार्यालय, पालमपुर के आधिकारिक व्हाट्सएप चैनल से जुड़े रहने की सलाह दी गई है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App