डा. बिंदल ने किया भू-स्खलन के मौके का निरीक्षण

By: Jul 11th, 2026 12:50 am

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-नाहन
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल ने सिरमौर जिला में बीते 36 घंटे से भी अधिक समय से हुई भारी मूसलाधार बारिश के प्रभावित क्षेत्रों का शुक्रवार को दौरा किया। नाहन में डा. राजीव बिंदल ने भारी बारिश के दौरान हिंदू आश्रम व बड़ा चौक के समीप पैलेस की सुरक्षा दीवार के ढहने के कारण आसपास के प्रभावित लोगों से मुलाकात की। इस दौरान डा. राजीव बिंदल ने प्रभावित स्थानीय निवासियों डा. हेमंत कुमार पंत, भुवन जोशी व आसपास के अन्य परिवारों के भवनों को हुए नुकसान का जायजा लिया। डा. राजीव बिंदल ने प्रभावित परिवारों को हरसंभव मदद का भरोसा दिया। कुनिहार प्रवास से लौटने के बाद डा. राजीव बिंदल ने शुक्रवार शाम प्रभावित परिवारों के घर पर जाकर परिवार के मकानों के नुकसान का जायजा लिया तथा मलबे व दीवार गिरने से बंद गली को खोलने के लिए प्रशासन से आग्रह किया।

डा. राजीव बिंदल ने कहा कि प्राकृतिक आपदा की इस कठिन घड़ी में भारतीय जनता पार्टी पूरे प्रदेश के साथ है। उन्होंने जिला प्रशासन व प्रदेश सरकार से आग्रह किया कि लगातार हो रही भारी बारिश को देखते हुए संभावित खतरे वाले क्षेत्रों का तत्त्काल सर्वेक्षण व निरीक्षण करवाया जाए तथा आवश्यक सुरक्षा, राहत एवं बचाव उपायों को प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार व प्रशासन का जिम्मा है कि प्रदेशवासियों की जनहानि व अप्रिय घटना से सुरक्षा की व्यवस्था की जाए। डा. बिंदल ने जिला सिरमौर के साथ-साथ प्रदेश भर के लोगों का भी आह्वान किया कि मौसम के अलर्ट के चलते लोग सुरक्षित रहें तथा अपने व अपने परिवार की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App