सीबीएसई क्लस्टर कबड्डी प्रतियोगिता में गुरु नानक मिशन स्कूल का शानदार प्रदर्शन
कार्यालय संवाददाता-पांवटा साहिब
गुरु नानक मिशन पब्लिक स्कूल, पांवटा साहिब के खिलाडिय़ों ने सीबीएसई क्लस्टर-16 अंडर-17 कबड्डी प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्कूल का नाम रोशन किया है। बालक और बालिका दोनों टीमों ने तृतीय स्थान हासिल कर ट्रॉफी अपने नाम की। बालक वर्ग की प्रतियोगिता 23 से 27 जुलाई तक बाल भारती इंटरनेशनल स्कूल फतेहाबाद में आयोजित हुई, जबकि बालिका वर्ग की प्रतियोगिता गुरु नानक अकादमी कैथल में संपन्न हुई। दोनों वर्गों में 16-16 विद्यालयों की टीमों ने हिस्सा लिया।
कड़े मुकाबलों के बीच गुरु नानक मिशन पब्लिक स्कूल की दोनों टीमों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए तीसरा स्थान प्राप्त किया। विद्यालय के निदेशक जीएस सैनी और प्रधानाचार्या गुरुविंदर कौर चावला ने प्रार्थना सभा में विजेता खिलाडिय़ों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने बालक टीम के कोच अनिकेत और बालिका टीम की कोच अंजना को भी इस उपलब्धि के लिए बधाई दी। प्रधानाचार्या ने कहा कि स्कूल शिक्षा के साथ-साथ खेलों को भी समान महत्व देता है और भविष्य में भी हरसंभव सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएगी।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

