संसद सत्र के बीच गृह मंत्री अमित शाह से सरकार की शिकायत
दिव्य हिमाचल ब्यूरो – शिमला
भाजपा के राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन ने संसद भवन स्थित केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के कार्यालय में उनसे शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान हिमाचल प्रदेश की वर्तमान राजनीतिक, आर्थिक एवं प्रशासनिक परिस्थितियों पर विस्तार से चर्चा हुई। हर्ष महाजन ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनने के बाद से वित्तीय अनुशासन पूरी तरह समाप्त हो गया है। सरकार ने बिना किसी दूरदृष्टि के प्रदेश को भारी कर्ज के बोझ तले धकेल दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार अब तक 1.10 लाख करोड़ से अधिक का ऋण ले चुकी है, लेकिन इसके बावजूद प्रदेश में विकास कार्य पूरी तरह ठप पड़े हैं।
हर्ष महाजन ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में आपदा प्रबंधन के मामले में भी कांग्रेस सरकार पूरी तरह विफल साबित हुई है। सरकार के पास न कोई पूर्व तैयारी है और न ही कोई ठोस कार्ययोजना। हर आपदा के बाद कांग्रेस सरकार केवल केंद्र सरकार पर दोषारोपण कर अपनी विफलताओं को छिपाने का प्रयास करती है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने समय-समय पर हिमाचल प्रदेश को उदारतापूर्वक आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई, लेकिन प्रदेश सरकार उस राशि का भी प्रभावी एवं पारदर्शी उपयोग करने में असफल रही। राहत वितरण में भेदभाव हो रहा है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

