पहाड़ी खिसकी…कला संग्रहालय खतरे में
मौसम का कहर; भारी बारिश के बाद धर्मशाला में भू-स्खलन, बस स्टैंड तक पहुंचे पेड़ और मलबा
दिव्य हिमाचल ब्यूरो- धर्मशाला
प्रदेश की प्रमुख पर्यटक नगरी धर्मशाला के बस स्टैंड में मंगलवार रात आसमान से बरसी आफत ने भारी तबाही मचाई है। मूसलाधार बारिश के कारण हुए अचानक भूस्खलन (लैंडस्लाइड) ने न सिर्फ शहर का जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है, बल्कि शहर की ऐतिहासिक धरोहर कला संग्रहालय के अस्तित्व पर भी गंभीर खतरा पैदा कर दिया है। लगातार हो रहे भू-स्खलन से पूरे कांगड़ा जिले में खौफ का माहौल है और कई प्रमुख मार्ग अवरुद्ध हो गए हैं। मंगलवार रात हुई भारी बारिश के बाद धर्मशाला बस स्टैंड के एक छोर पर अधूरे पड़े काम के ऊपरी हिस्से से अचानक जमीन खिसकने लगी। इस बड़े भूस्खलन की सीधी चपेट में ऐतिहासिक कला संग्रहालय का भवन आ गया है।
इमारत के बिलकुल समीप से जमीन दरकने के कारण इस महत्त्वपूर्ण भवन को भारी नुकसान पहुंचने की आशंका गहरा गई है। धरोहर पर मंडराते इस खतरे को लेकर स्थानीय लोगों और कला प्रेमियों में भारी चिंता है। भू-स्खलन से उस क्षेत्र में पेड़ पौधों को भी नुकसान हुआ है और ऊपर से गिर कर पेड़ नीचे बस स्टैंड पहुंच गए। इस हालात को देख कर बस स्टैंड और टेकसी स्टैंड पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया और वाहनों को लोगों को इसके पास जाने से रोका। यह कुदरती मार केवल धर्मशाला शहर तक सीमित नहीं रही है। मूसलाधार बारिश के चलते पूरे कांगड़ा जिले के कई अन्य हिस्सों से भी भू-स्खलन की डरावनी खबरें सामने आ रही हैं। पहाड़ों से लगातार दरकते मलबे और चट्टानों के कारण जिले की कई प्रमुख सडक़ों को भारी नुकसान पहुंचा है। रास्तों पर मलबा जमा होने से यातायात प्रभावित हुआ है। जिससे लोगों और यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रशासनिक अमला अलर्ट
उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा का कहना है कि सभी अधिकारियों को अर्लट किया गया है और मौके पर पहुंचकर हालात कंट्रोल करने को कहा गया है। मशीनरी भी जिला भर में तैयार रखी गई है, जिससे सडक़ों को खोला जा सके। बिजली व पानी की स्पलाई नियमित की जा सके। हालात की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया है। प्रशासनिक अधिकारियों और आपदा प्रबंधन की टीमों ने प्रभावित इलाकों में पहुंचकर स्थिति का जायजा लेना शुरू कर दिया है। फिलहाल प्रशासन की पहली प्राथमिकता बाधित रास्तों को बहाल करना और खतरे की जद में आए भवनों के आस-पास सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

