Himachal News : चिनाब को ब्यास नदी से जोड़ेगी एनएचपीसी, 2354 करोड़ से पूरी होगी परियोजना
ऊर्जा कंपनी हिमाचल में बनाएगी केंद्र सरकार का ड्रीम प्रोजेक्ट, 2354 करोड़ से पूरी होगी परियोजना
स्टाफ रिपोर्टर — सैंज
ऊर्जा सेक्टर में नई ऊंचाइयां छूने वाली देश की नवरत्न कंपनी एनएचपीसी हिमाचल में एक और प्रोजेक्ट का निर्माण कर रही है। 2354 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्र सरकार के ड्रीम प्रोजेक्ट ब्यास-चिनाब लिंक परियोजना हेतु एनएचपीसी ने दस्तावेजों और तकनीकी प्रक्रियाओं को गति देते हुए 10 अगस्त तक ऑनलाइन टेंडर आमंत्रित किए हैं। एनएचपीसी के कॉरपोरेट ऑफिस फरीदाबाद से मिली जानकारी के मुताबिक ऊर्जा कंपनी एनएचपीसी को भारत सरकार ने एक महत्त्वपूर्ण ‘नदी जोड़ो प्रोजेक्ट’ का निर्माण कार्य सौंपा है। इसके लिए विभिन्न निर्माण एजेंसियों से संविदा मांगी जा रही है।
बताया जा रहा है कि एनएचपीसी के अध्यक्ष हिमाचल प्रदेश से हैं, जिस कारण केंद्र सरकार ने देश हित की इस प्रोजेक्ट को ऊर्जा कंपनी को सौंपा है, जबकि पार्वती प्रोजेक्ट में बनाई गई एशिया की सबसे लंबी 32 किलोमीटर टनल से ऊर्जा कंपनी का वैश्विक स्तर पर डंका बजा है। लिहाजा निर्माण कार्य में जबरदस्त प्रगति आएगी। पार्वती प्रोजेक्ट चरण दो में परियोजना प्रमुख रणजीत सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय महत्त्व के इस प्रोजेक्ट में लाहुल स्पीति की चंद्रा नदी को 8.7 किलोमीटर लंबी टनल से ब्यास नदी से जोड़ा जाएगा, जबकि अटल टनल के उत्तरी प्रवेश द्वार के ऊपर की ओर कोकसर गांव में 19 मीटर ऊंचा बांध तथा 96.05 मीटर लंबा बैराज बनाया जाएगा।
सिंधु जल संधि स्थगित होने के बाद बड़ा फैसला
संधु जल संधि को स्थगित करने के पश्चात केंद्र सरकार ने इस महत्त्वपूर्ण प्रोजेक्ट को पूरा करने का संकल्प लिया है। राष्ट्रहित के इस प्रोजेक्ट का निर्माण उस निर्माता एजेंसी को अलॉटमेंट किया जाएगा, जिसके पास डिजाइन, इन्फ्रास्ट्रक्चर, अंडरग्राउंड टनल निर्माण तथा अन्य सिविल वक्र्स का अनुभव हो। एनएचपीसी के प्रदेश में पहले आधा दर्जन पावर प्रोजेक्ट ऊर्जा उत्पादन कर रहे हैं।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

