HP WEATHER : प्रदेश में आज से रफ्तार पकड़ेगा मानसून, बाढ़ और भू-स्खलन का खतरा
चंबा-शिमला-मंडी-कांगड़ा जिला में यलो अलर्ट
कार्यालय संवाददाता-शिमला
प्रदेश में पिछले कई दिनों से धूप और छिटपुट बारिश के बीच अब आने वाले समय में प्रदेश में मौसम करवट लेने वाला है। राज्य में 18 जुलाई से मानसून दोबारा पूरी रफ्तार पकडऩे जा रहा है। इस दौरान कई जिलों में भारी से बहुत भारी वर्षा होने की अलर्ट जारी किया है। प्रदेश में 19 से 22 जुलाई के बीच मानसून सबसे अधिक सक्रिय रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए लोगों, पर्यटकों और प्रशासन से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। ऐसे में आने वाले पांच दिन प्रदेश के लिए मौसम की कड़ी परीक्षा साबित हो सकते हैं। मौसम विभाग के मुताबिक 18 से 23 जुलाई तक पूरे प्रदेश में मानसून सक्रिय रहेगा।
लगातार बारिश से संवेदनशील इलाकों में भू-स्खलन और अचानक बाढ़ का खतरा भी बढ़ सकता है। प्रदेश में 18 जुलाई को मंडी और कांगड़ा के एक-दो स्थानों पर भारी बारिश, कुल्लू, शिमला और सिरमौर में एक या दो स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। 19 जुलाई को चंबा, शिमला, मंडी और कांगड़ा में एक दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसी तरह से हमीरपुर और सिरमौर में एक से स्थानों पर भारी बारिश और सोलन, ऊना, बिलासपुर और कुल्लू में मध्यम से भारी वर्षा होने का यलो अलर्ट है। लाहुल-स्पीति में भी मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।
20 जुलाई को भारी बारिश
प्रदेश में 20 जुलाई को चंबा, कुल्लू, शिमला, मंडी और कांगड़ा में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा हमीरपुर और सिरमौर में भारी बारिश का और सोलन, ऊना, बिलासपुर, किन्नौर और लाहुल-स्पीति में भी मध्यम से भारी बारिश की संभावना के चलते यलो अलर्ट जारी किया है।
21 से 23 जुलाई तक बरसेंगे बादल
प्रदेश में 21 से 23 जुलाई के दौरान मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में एक या दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी रहेगा। निचले पर्वतीय और मैदानी इलाकों में भारी बारिश को लेकर यलो अलर्ट रहेगा। मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है नदी-नालों के किनारे जाने से बचें, अनावश्यक यात्रा न करें।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

