पंचायतों की शामलात भूमि से हटाए जाएं अवैध कब्जे

By: Jul 8th, 2026 12:02 am

युवाओं ने एसडीएम-तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन, 20 तक कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी

दिव्य हिमाचल ब्यूरो- बद्दी
औद्योगिक क्षेत्र बीबीएन में नशे और अवैध गतिविधियों के खिलाफ चल रहे जन अभियान को आगे बढ़ाते हुए मंगलवार को क्षेत्र के युवाओं एवं जागरूक नागरिकों ने उपमंडल अधिकारी एसडीएम और तहसीलदार बद्दी को ज्ञापन सौंपकर ग्राम पंचायत मंधाला सूरजपुर, बरोटीवाला सहित विभिन्न पंचायतों की शामलात ;सरकारी भूमि पर किए गए कथित अवैध कब्जों को हटाने की मांग उठाई। युवाओं ने आरोप लगाया कि सरकारी भूमि पर बनी कुछ झुग्गी-झोंपडिय़ों में कथित तौर पर गैरकानूनी गतिविधियां और नशे का कारोबार संचालित होने की शिकायतें लगातार मिल रही हैं जिससे क्षेत्र का माहौल प्रभावित हो रहा है और स्थानीय लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है।

ज्ञापन में प्रशासन से मांग की गई कि पंचायतों की शामलात भूमि की विधिवत निशानदेही करवाई जाए तथा जहां भी अवैध कब्जे पाए जाएं उन्हें नियमानुसार हटाया जाए। प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन को इस संबंध में 20 जुलाई तक प्रभावी कार्रवाई करने का समय दिया है। युवाओं का कहना है कि यदि तय अवधि तक ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन को और तेज करेंगे सामाजिक कार्यकर्ता मनीष मैहता रघुवंशी ने कहा कि बीबीएन क्षेत्र को नशामुक्त बनाने के लिए चलाया जा रहा अभियान अब और व्यापक रूप लेगा। उन्होंने कहा कि नशे के कारोबार के साथ-साथ अवैध गतिविधियों को भी किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन के सहयोग से ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित कराने के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे। युवाओं ने कहा कि श्नशामुक्त पंचायत अभियानश् के तहत भविष्य में भी जनजागरूकता अभियान चलाए जाएंगे और समाज विरोधी गतिविधियों के खिलाफ प्रशासन के साथ मिलकर प्रभावी कार्रवाई की मांग जारी रहेगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App