कांगड़ा पुलिस ने तबाह की लाखों की शराब
29 मामलों की जब्त देशी शराब सहित मकलोडगंज-पंचरुखी में भी नशे पर किया जोरदार हमला
स्टाफ रिपोर्टर- धर्मशाला
जिला कांगड़ा पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत दर्ज मामलों में जब्त शराब को न्यायालय प्रक्रिया पूरी होने के बाद बुधवार को नियमानुसार नष्ट कर दिया। कार्रवाई के दौरान संपूर्ण प्रक्रिया की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी करवाई गई। पुलिस थाना धर्मशाला में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (सिटी) बीर बहादुर सिंह की मौजूदगी में आबकारी अधिनियम के 29 मामलों की केस प्रॉपर्टी का निस्तारण किया गया। इस दौरान दो लाख 70 हज़ार 750 मिलीलीटर देशी शराब को नष्ट किया गया। वहीं, पुलिस थाना मकलोडगंज में भी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (सिटी) बीर बहादुर सिंह की उपस्थिति में छह मामलों की केस प्रॉपर्टी का निस्तारण किया गया।
यहां 24 हजार मिलीलीटर देशी शराब, 55 हज़ार मिलीलीटर बीयर तथा तीन हजार मिलीलीटर भारतीय निर्मित विदेशी शराब को नियमानुसार नष्ट किया गया। उधर, पुलिस थाना पंचरुखी में उपमंडल पुलिस अधिकारी पालमपुर की मौजूदगी में 23 मामलों की केस प्रॉपर्टी का निस्तारण किया गया। पुलिस के अनुसार सभी मामलों में जब्त सामग्री को निर्धारित नियमों के तहत नष्ट किया गया तथा पूरी प्रक्रिया की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कर अभिलेख तैयार किए गए। पुलिस विभाग कांगड़ा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एएसपी बीर बहादुर सिंह ने बताया कि न्यायालय से मामलों के अंतिम रूप से निस्तारित होने के बाद जब्त मादक पदार्थों और शराब को नियमानुसार नष्ट किया जाता है, ताकि उनका दोबारा दुरुपयोग न हो सके।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

