एचपीयू में पहले पीएचडी बैच की शुरुआत

By: Jul 30th, 2026 12:02 am

छह शोधार्थी करेंगे ग्रीन हाइड्रोजन, सौर ऊर्जा, एग्री-फोटोवोल्टिक और एआई आधारित तकनीकों पर अनुसंधान

स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) के नव स्थापित हरित ऊर्जा एवं नैनो प्रौद्योगिकी केंद्र के प्रथम पीएचडी बैच के शोधार्थियों ने संकाय सदस्यों के साथ कुलपति प्रो. महावीर सिंह से शिष्टाचार भेंट की। कुलपति ने शोधार्थियों को विश्वविद्यालय परिवार का हिस्सा बनने पर बधाई देते हुए हरित एवं सतत ऊर्जा के क्षेत्र में उत्कृष्ट अनुसंधान और नवाचार के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शोध कार्य समाजोपयोगी होने के साथ-साथ भारत की ऊर्जा सुरक्षा और सतत विकास के लक्ष्यों को मजबूती प्रदान करने वाला होना चाहिए। केंद्र ने अपने पहले पीएचडी बैच में छह शोधार्थियों को प्रवेश दिया है, जिनमें तीन पूर्णकालिक और तीन अंशकालिक शोधार्थी शामिल हैं। अंशकालिक शोधार्थियों में फिश्टनर कंसल्टिंग इंजीनियर्स इंडिया लिमिटेड के एसोसिएट डायरेक्टर प्रदीप कुमार ग्रीन हाइड्रोजन के भंडारण और लॉजिस्टिक्स पर शोध करेंगे। फ्लोटेक्स सोलर के वाइस प्रेसिडेंट अजमल टीजे फ्लोटिंग सोलर प्रौद्योगिकी पर कार्य करेंगे, जबकि ऊर्जा निदेशालय हिमाचल प्रदेश की अभियंता स्वाति गंगटा सौर ऊर्जा प्रणालियों के प्रभावी क्रियान्वयन और प्रबंधन से जुड़े विषयों पर अनुसंधान करेंगी।

पूर्णकालिक शोधार्थियों में भाव्य भास्कर सिंगला ऊर्जा क्षेत्र में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और मशीन लर्निंग के उपयोग, रजत रजनीश एग्री-फोटोवोल्टिक तकनीक तथा अमन शर्मा डेटा साइंस आधारित स्मार्ट ऊर्जा प्रणालियों पर शोध करेंगे। कुलपति प्रो. महावीर सिंह ने कहा कि शिक्षा जगत, उद्योग और सरकारी संस्थानों की विशेषज्ञता को एक मंच पर लाने वाला यह केंद्र नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में नई संभावनाएं पैदा करेगा। उन्होंने बताया कि हरित ऊर्जा एवं नैनो प्रौद्योगिकी केंद्र विश्वविद्यालय का पहला नव स्थापित केंद्र है, जिसने पीएचडी कार्यक्रम शुरू किया है। शोधार्थी डॉ. अंजलि शर्मा, डॉ. जैस्मिन कौर सैनी और डॉ. मनीष कुमार के मार्गदर्शन में अपना शोध कार्य करेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि यह पहला बैच हरित ऊर्जा अनुसंधान के क्षेत्र में एचपीयू को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App