नाहन की तंग गलियों में लोडिंग-अनलोडिंग बनी मुसीबत
प्रतिबंधित समय में व्यावसायिक वाहनों की आवाजाही से लग रहा जाम, कार्रवाई की उठी मांग
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-नाहन
नाहन शहर की तंग गलियों में प्रतिबंधित समय के दौरान व्यावसायिक वाहनों की लोडिंग-अनलोडिंग आम लोगों के लिए बड़ी परेशानी बनती जा रही है। शहर के नया बाजार, फाउंड्री चौक, गुन्नूघाट, रानीताल और लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह मार्ग पर रोजाना लगने वाले जाम से राहगीरों और वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का आरोप है कि नियमों के बावजूद पुलिस और यातायात पुलिस की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही। बुधवार को नया बाजार स्थित पुराने कॉलेज के समीप गत्तों से भरी एक पिकअप की लोडिंग के दौरान एक मजदूर चलती गाड़ी से सडक़ पर गिर गया। हालांकि उसे गंभीर चोट नहीं आई, लेकिन काफी देर तक यातायात बाधित रहा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि लोडिंग-अनलोडिंग के कारण कई बार आपातकालीन स्थिति में भी वाहनों का निकलना मुश्किल हो जाता है। शहरवासियों ने जिला प्रशासन, पुलिस और ट्रैफिक पुलिस से मांग की है कि प्रतिबंधित समय में लोडिंग-अनलोडिंग करने वाले व्यावसायिक वाहनों के खिलाफ नियमित अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि जाम की समस्या से राहत मिल सके।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

