HRTC कर्मचारियों को वर्दी पर बड़ी राहत, एक यूनिफॉर्म का मिलेगा नकद, दूसरी का कपड़ा
टेंडर प्रक्रिया शुरू, करीब 9 हजार चालक-परिचालकों व तकनीकी कर्मचारियों को मिलेगा लाभ
कार्यालय संवाददाता – शिमला
हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) के कर्मचारियों को लंबे समय से लंबित वर्दी का इंतजार जल्द खत्म होने वाला है। निगम प्रबंधन ने वर्दी वितरण को लेकर नई व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया है। इसके तहत कर्मचारियों को एक वर्दी के लिए नकद राशि उनके बैंक खाते में भेजी जाएगी, जबकि दूसरी वर्दी के लिए कपड़ा उपलब्ध कराया जाएगा। निगम ने वर्दी खरीद के लिए टेंडर जारी कर दिया है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने और आपूर्ति में कुछ समय लगने के कारण प्रबंधन ने कर्मचारियों को राहत देते हुए नकद राशि देने का फैसला लिया है, ताकि वे स्वयं वर्दी सिलवा सकें। यह राशि इसी या अगले माह कर्मचारियों के खातों में जमा की जाएगी। करीब 9 हजार चालक, परिचालक और वर्कशॉप में कार्यरत तकनीकी कर्मचारी इस निर्णय से लाभान्वित होंगे।
पिछले लगभग दो वर्षों से कर्मचारियों को नियमित रूप से वर्दी नहीं मिल पाई थी। नियमों के अनुसार कर्मचारियों को हर छह माह में गर्मी और सर्दी के लिए अलग-अलग वर्दी उपलब्ध कराई जाती है। वर्दी का मुद्दा हाल ही में अतिरिक्त मुख्य सचिव (परिवहन) आर.डी. नजीम की अध्यक्षता में हुई HRTC कर्मचारी यूनियन की बैठक में भी उठा था। कर्मचारियों ने बिना वर्दी ड्यूटी करने में आने वाली दिक्कतों और बाहरी राज्यों में चालान कटने की आशंका भी जताई थी। HRTC के उपाध्यक्ष अजय वर्मा ने बताया कि एक वर्दी का कपड़ा कर्मचारियों को दिया जाएगा, जबकि दूसरी वर्दी के लिए नकद राशि सीधे उनके बैंक खातों में भेजी जाएगी। उन्होंने कहा कि टेंडर प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और जल्द ही दोनों व्यवस्थाओं को लागू कर दिया जाएगा।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

