‘दुल्हनिया ले आएगी’ पर मेकर्स का खास तोहफा, बाय वन-गेट वन फ्री ऑफर
मुंबई। निर्देशक आकाशादित्य लामा की फिल्म दुल्हनिया ले आएगी को रिलीज के बाद दर्शकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है। फिल्म को मिल रहे मजबूत वर्ड ऑफ माउथ और बढ़ती दर्शक संख्या को देखते हुए मेकर्स ने दर्शकों के लिए बाय वन गेट वन फ्री ऑफर की घोषणा की है। मेकर्स के अनुसार फिल्म को पारिवारिक मनोरंजन के रूप में सराहा जा रहा है और सिनेमाघरों से निकलने वाले दर्शक इसे अपने मित्रों और परिवार के सदस्यों को देखने की सलाह दे रहे हैं। इसी उत्साह को देखते हुए यह विशेष ऑफर शुरू किया गया है, जिससे दर्शक अपने प्रियजनों के साथ फिल्म का आनंद उठा सकें।
इस बीच फिल्म की मुख्य अभिनेत्री खुशाली कुमार हाल ही में एक सिनेमाघर पहुंचीं, जहां उन्होंने दर्शकों के साथ फिल्म देखी और उनकी प्रतिक्रियाएं जानीं। थिएटर में दर्शकों ने तालियों और उत्साह के साथ उनका स्वागत किया। कई दर्शकों ने उनके अभिनय की सराहना की और उनके साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं। खुशाली कुमार ने कहा कि एक कलाकार के लिए इससे बड़ी खुशी कोई नहीं हो सकती कि दर्शक आपके किरदार से जुड़ाव महसूस करें। थिएटर में परिवारों से इतना प्यार मिलना मेरे लिए बेहद भावुक अनुभव था। लोगों को फिल्म और मेरे अभिनय की सराहना करते देख लगा कि हमारी मेहनत सफल हो गई। फिल्म के निर्देशक आकाशादित्य लामा ने भी दर्शकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें शुरू से विश्वास था कि दुल्हनिया ले आएगी ऐसी फिल्म है जिसे पूरा परिवार साथ बैठकर पसंद करेगा। उन्होंने कहा कि दर्शकों की हंसी, तालियां और सकारात्मक प्रतिक्रियाएं ही उनकी सबसे बड़ी उपलब्धि हैं। फिल्म में खुशाली कुमार के अलावा महेश मांजरेकर, पीयूष मिश्रा, ओंकार कपूर, लैरिसा बोनेसी और अगू स्टेनली चिएदोजी प्रमुख भूमिकाओं में हैं। कॉमेडी, रोमांस, संगीत और पारिवारिक भावनाओं से सजी यह फिल्म सभी आयु वर्ग के दर्शकों के लिए मनोरंजन का पैकेज पेश करती है। सकारात्मक समीक्षाओं और दर्शकों के उत्साह के बीच दुल्हनिया ले आएगी सिनेमाघरों में अपनी सफल यात्रा जारी रखे हुए है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

