पंचायत प्रधानों को दिया विकास का मंत्र
नारकंडा में आयोजित प्रशिक्षण शिविर में कई योजनाओं पर मंथन
स्टाफ रिपोर्टर-कुमारसैन
विकास खंड कार्यालय नारकंडा में गुरुवार को पंचायत प्रधानों के लिए एकदिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) अरविंद गुलेरिया ने की। प्रशिक्षण शिविर में अधिकारियों ने कहा कि पंचायतें ग्रामीण विकास की मुख्य कड़ी हैं और योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचाने में पंचायत प्रतिनिधियों की अहम भूमिका रहती है। इस अवसर पर पंचायती राज व्यवस्था से संबंधित योजनाओं के साथ-साथ स्वच्छ भारत मिशन और मनरेगा योजना के बारे में भी पंचायत प्रधानों को विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। अधिकारियों ने मनरेगा के तहत रोजगार सृजन, विकासात्मक कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने और पंचायतों में पारदर्शिता के साथ कार्य करने पर जोर दिया। खंड विकास अधिकारी अरविंद गुलेरिया ने पंचायत प्रधानों से आह्वान किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाएं और सरकार की योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का प्रयास करें। इस मौके पर नारकंडा विकास खंड की विभिन्न पंचायतों के प्रधानों सहित विभागीय अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

