‘इंडिया के टॉप 1%’ का नया प्रोमो जारी

By: Jul 27th, 2026 5:02 pm

मुंबई। स्टार प्लस के आगामी रियलिटी क्विज शो इंडिया के टॉप 1′ का नया प्रोमो जारी किया गया है, जिसमें यह संदेश दिया गया है कि बड़ी जीत के लिए असाधारण प्रतिभा नहीं, बल्कि बेहतर कॉमन सेंस की जरूरत होती है। जारी प्रोमो में एक परिवार के भीतर सास और दो बहुओं के बीच होने वाली दिलचस्प बातचीत को दिखाया गया है। एक बहू गृहिणी है, जो घर की जिम्मेदारियां संभालती है, जबकि दूसरी नौकरीपेशा है और अपने करियर तथा परिवार के बीच संतुलन बनाए रखती है।

दोनों की तुलना के बीच टीवी पर शो के होस्ट अनिल कपूर एक सवाल पूछते हैं, जिसका सही जवाब देकर एक बहू सभी को चौंका देती है। प्रोमो के माध्यम से शो का मुख्य संदेश सामने आता है कि कॉमन सेंस लाएगा जो, एक करोड़ रुपए लेकर जाएगा वो। शो में यह दिखाने का प्रयास किया गया है कि सफलता केवल शैक्षणिक योग्यता या पेशे पर निर्भर नहीं करती, बल्कि रोजमर्रा की जिंदगी में इस्तेमाल होने वाली समझदारी, तर्कशक्ति और अवलोकन क्षमता भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। अनिल कपूर अपने खास अंदाज में इस शो की मेजबानी कर रहे हैं। प्रतियोगियों को ऐसे सवालों का सामना करना होगा, जो उनके कॉमन सेंस, तार्किक सोच और पर्यवेक्षण क्षमता की परीक्षा लेंगे। विजेता को एक करोड़ रुपए तक की पुरस्कार राशि जीतने का अवसर मिलेगा। चैनल के अनुसार यह शो दर्शकों को मनोरंजन के साथ-साथ अपनी सामान्य समझ और निर्णय क्षमता को परखने का मौका भी देगा। शो के लिए पंजीकरण प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App